अखिलेश ने सोनम वांगचुक से अनशन समाप्त करने की अपील की, आंदोलन को सपा का समर्थन
खारी
- 14 Jul 2026, 11:56 PM
- Updated: 11:56 PM
लखनऊ, 14 जुलाई (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को जलवायु कार्यकर्ता एवं शिक्षाविद सोनम वांगचुक से दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी उनका अनिश्चितकालीन अनशन समाप्त करने की अपील की।
सपा प्रमुख ने फोन पर वांगचुक का हालचाल भी जाना और उनके आंदोलन को अपनी पार्टी का "खुला समर्थन" देने की बात कही।
अखिलेश यादव की यह अपील जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के विरोध-प्रदर्शन के 24वें दिन और सोनम वांगचुक के अनशन के 17वें दिन आई है।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, ''सोनम वांगचुक से हमारा अति विनम्र आग्रह और सविनय अपील है कि वह अपना अनशन समाप्त कर दें। उनका जीवन समस्त विश्व के लिए अनमोल है, क्योंकि उसमें मानवता और पर्यावरण के लिए उतनी ही प्रतिबद्धता है जितनी लोकतंत्र के लिए।''
उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस सरकार को जगाने के लिए वांगचुक आमरण अनशन कर रहे हैं, उससे संवेदनशीलता की उम्मीद करना व्यर्थ है।
उन्होंने कहा कि सत्याग्रह का महत्व वही समझ सकता है, जिसकी लोकतांत्रिक मूल्यों में आस्था हो।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सोनम वांगचुक का मनोबल और नैतिक शक्ति देशवासियों, युवाओं, लोकतंत्र तथा पर्यावरण संरक्षण के संघर्ष के लिए प्रेरणा बनी रहे, यही सभी की कामना है।
मंगलवार देर रात 'एक्स' पर एक अन्य पोस्ट में अखिलेश यादव ने लिखा, ''सोनम वांगचुक जी से फोन पर बात कर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली और उनसे अनशन समाप्त करने की अपील की। उनके सत्याग्रह को हमारा खुला समर्थन है।"
उन्होंने कहा, ''हमारा मानना है कि वे जनहित में इस आग्रह पर विचार करें। देश की युवा शक्ति, उनके अभिभावकों, परिवार और शुभचिंतकों की भी यही आकांक्षा है। उनके नैतिक बल की देश को अत्यंत आवश्यकता है। इसलिए वे दुनिया भर से आ रहे अनुरोधों को स्वीकार करते हुए अपना अनशन समाप्त करें, कुछ दिन स्वास्थ्य लाभ लें और नयी ऊर्जा के साथ फिर जनआंदोलन में जुटें।''
यादव ने यह भी कहा, ''उनसे सविनय आग्रह है कि वे 'नकारात्मक, भ्रष्ट, बेईमान, लोकतंत्र विरोधी और सांप्रदायिक भाजपा' के विरुद्ध जारी आंदोलनों को पूरे देश में विस्तार देकर जन-एकजुटता की मजबूत कड़ी बनें।''
उन्होंने कहा, ''नीट (राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा) घोटाले के बाद मंदिर में चोरी के महापाप का भंडाफोड़ भी एक गहरा दिव्य संकेत है। डॉक्टर को धरती पर भगवान का स्वरूप माना जाता है। हम मंदिर और चिकित्सा, दोनों के गहरे संबंध में विश्वास करते हैं। धर्म के मनोबल और चिकित्सा के बीच मनोवैज्ञानिक संबंध भी होता है।''
सपा प्रमुख ने कहा, ''जिस तरह दुनिया भर का मीडिया सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित दिखाई दे रहा है, उसका दूसरा पक्ष यह भी है कि भाजपा शासन में भारत की लोकतांत्रिक छवि वैश्विक स्तर पर प्रभावित हो रही है। हम उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हैं।''
आंदोलन के आयोजकों के अनुसार, अनिश्चितकालीन अनशन के दौरान सोनम वांगचुक का वजन 8.2 किलोग्राम घट गया है। उनका रक्तचाप घटकर 107/70 एमएमएचजी रह गया है, जबकि रक्तशर्करा का स्तर भी घटकर 67 मिलीग्राम प्रति डेसीलीटर हो गया है।
कॉजपा के संस्थापक अभिजीत दीपके ने केंद्र सरकार से प्रदर्शनकारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील करते हुए कहा कि लोगों की जान दांव पर लगी है।
भाषा जफर आनन्द खारी
खारी
1407 2356 लखनऊ