आंध्र: चोरी के मामले में हिरासत में लिए गए व्यक्ति की मौत, जांच का आदेश दिया गया
अविनाश
- 15 Jul 2026, 08:52 PM
- Updated: 08:52 PM
नेल्लोर (आंध्र प्रदेश), 15 जुलाई (भाषा) नेल्लोर जिले में चेन झपटमारी और चोरी के मामले में हिरासत में लिए गए एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने हिरासत में प्रताड़ना के आरोपों से बुधवार को इनकार किया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
मृतक की पहचान नेल्लोर जिले के चेरुकुमुडी गांव निवासी येदुकोंडालु के रूप में हुई है। वह आठ जुलाई को दर्ज चोरी के मामले में पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए तीन लोगों में एक था।
नेल्लोर जिले की पुलिस अधीक्षक (एसपी) अजिता वेजेंदला ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, "चेन झपटमारी और चोरी के मामले में हिरासत में लिए गए एक व्यक्ति की नेल्लोर जिले में मौत हो गई। हिरासत में प्रताड़ना और मौत के आरोप सही नहीं हैं, क्योंकि सीसीटीवी फुटेज से पता चलता है कि उसकी मौत से दो दिन पहले उसे मनुबोलू थाने से छोड़ दिया गया था। पुलिस की ओर से हुई चूक के आरोपों की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।"
पुलिस के अनुसार, पीडित को मंगलवार को पुलिस द्वारा गुडूर सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार मामले में तीन आरोपियों (रियाज, येदुकोंडालु और प्रसाद) को हिरासत में लिया गया था। बाद में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 35 के तहत नोटिस जारी कर उन्हें 12 जुलाई को थाने से छोड़ दिया गया था।
उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में तीनों लोगों को 12 जुलाई की रात राष्ट्रीय राजमार्ग-16 के किनारे चलते हुए देखा गया। इसके बाद 13 जुलाई की तड़के येदुकोंडालु को पोडालाकुर में एक शराब की दुकान के पास देखा गया।
वेजेंदला ने दावा किया, "यह आरोप कि हिरासत में मौत हुई, बिल्कुल गलत है क्योंकि वह आखिरी दो दिन थाने में नहीं था।"
एसपी ने कहा कि मृतक के परिवार की ओर से लगाए गए सभी आरोपों को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से जांच की जाएगी।
एसपी ने माना कि मामले से निपटने में लापरवाही हुई है और विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा, "थाना एक इकाई के रूप में काम करता है और जिम्मेदारी सामूहिक होती है। यह स्पष्ट संदेश जाना चाहिए कि व्यवस्था में कोई चूक नहीं होनी चाहिए।"
उन्होंने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों को समय पर मामले की जानकारी नहीं देने पर थाने के कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की गई है।
भाषा
शुभम अविनाश
अविनाश
1507 2052 नेल्लोर