अमेरिका में धर्म पूछकर भारतीय नागरिक पर चाकू से हमला: रिपोर्ट
प्रशांत
- 16 Jul 2026, 10:25 AM
- Updated: 10:25 AM
(सागर कुलकर्णी)
वाशिंगटन, 16 जुलाई (भाषा) अमेरिका के यूटा राज्य में सॉल्ट लेक सिटी के पास स्थित एक शॉपिंग मॉल के अंदर एक भारतीय नागरिक पर कथित तौर पर उसके धर्म के कारण 15 बार चाकू से हमला किया गया। मीडिया में आयी खबरों में यह जानकारी दी गयी।
'फॉक्स 13 न्यूज' की खबर के अनुसार, यूटा के वेस्ट वैली सिटी स्थित वैली सिटी मॉल में काम करने वाले सैयद सोहैलुद्दीन पर सोमवार दोपहर पीटर माइकल लार्सन नामक व्यक्ति ने कथित तौर पर हमला किया। खबर के मुताबिक, हमले से पहले आरोपी ने सोहैलुद्दीन से उसका धर्म पूछा था।
'एबीसी न्यूज' की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने आरोपी लार्सन को हत्या के प्रयास और प्रतिबंधित खतरनाक हथियार रखने के संदेह में गिरफ्तार कर लिया है। अदालत के रिकॉर्ड के हवाले से खबर में कहा गया है कि आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने सोहैलुद्दीन को उसके धर्म के कारण निशाना बनाया।
सोहैलुद्दीन को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी सर्जरी की गई। वहीं, आरोपी लार्सन को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया, क्योंकि हमला रोकने के लिए बीच-बचाव करने वाले लोगों ने उसकी पिटायी की थी, जिससे वह घायल हो गया।
सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने यूटा में भारतीय नागरिक पर हुए इस हमले पर गहरा दुख जताया है।
महावाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''महावाणिज्य दूतावास पीड़ित के मित्रों और परिजनों के लगातार संपर्क में है और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए तैयार है। हम स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हैं और पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।''
आरोपी लार्सन ने कानून-प्रवर्तन अधिकारियों को बताया कि ''वह खुद को बदलाव लाने वाला मानता है और उसका इरादा मुसलमानों की हत्या करने का है।''
अधिकारियों द्वारा अदालत में दाखिल हलफनामे में कहा गया है कि लार्सन को जेल से रिहा करना खतरनाक होगा, क्योंकि ''उसके द्वारा की गई हिंसक हरकतों और उसकी कट्टर विचारधारा'' को देखते हुए उससे समाज को गंभीर खतरा हो सकता है।
'फॉक्स 13 न्यूज' के अनुसार, एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि वह पास की एक दुकान में काम कर रहा था, तभी उसने लोगों के चिल्लाने और उस घटनास्थल से भागते हुए लोगों को देखा, जहां कथित तौर पर चाकूबाजी की वारदात हुई थी।
पीड़ित के साथ काम करने वाली लूना नुनेज़ ने बताया कि हमला करने से पहले आरोपी ने मॉल के एक कियोस्क पर काम कर रहे सोहैलुद्दीन से पूछा था कि वह कहां के रहने वाले हैं, उनका नाम क्या है और क्या वह मुसलमान हैं।
नुनेज ने बताया कि अस्पताल में सोहैलुद्दीन से मुलाकात के दौरान उन्होंने उन्हें यह पूरी घटना बताई।
सॉल्ट लेक काउंटी के जिला अटॉर्नी सिम गिल ने मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
उन्होंने एक बयान में कहा, ''जांच पूरी होने तक हम इस मामले पर और कुछ नहीं कहना चाहते।''
मुस्लिम अधिकारों के लिए काम करने वाले संगठन 'काउंसिल ऑन अमेरिकन-इस्लामिक रिलेशंस' ने जनप्रतिनिधियों से मुस्लिम विरोधी बयानबाजी को सख्ती से खारिज करने की अपील की।
'न्यूयॉर्क टाइम्स' के अनुसार, यूटा इस्लामिक सेंटर के इमाम शुएब दीन ने कहा कि सात अक्टूबर 2023 को हमास द्वारा इजराइल पर किए गए हमले के बाद से यूटा में मुसलमानों के खिलाफ उत्पीड़न, धमकियों और हिंसक घटनाओं में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। सोहैलुद्दीन यूटा इस्लामिक सेंटर में नमाज पढ़ने जाता रहा है।
हालांकि, उन्होंने कहा कि सोमवार को हुआ यह हमला ''यूटा में हमारे समुदाय के किसी सदस्य पर अब तक का सबसे गंभीर हमला'' है।
न्यूयॉर्क टाइम्स की खबर के अनुसार, अमेरिका में 'इस्लामोफोबिया' (मुस्लिमों के प्रति घृणा) लगातार बढ़ रही है और दक्षिणपंथी नेताओं की ओर से मुस्लिम विरोधी बयान भी पहले की तुलना में अधिक खुलकर सामने आ रहे हैं।
मई में कैलिफोर्निया के सैन डिएगो काउंटी की सबसे बड़ी मस्जिद में दो बंदूकधारियों ने हमला कर तीन लोगों की हत्या कर दी थी। इस घटना की जांच घृणा अपराध के रूप में की जा रही है।
भाषा
गोला प्रशांत
प्रशांत
1607 1025 वाशिंगटन