नालंदा में पुलिस वाहन की टक्कर से युवक की मौत के बाद बवाल, भीड़ के हमले में आठ पुलिसकर्मी घायल
सिम्मी
- 16 Jul 2026, 10:18 PM
- Updated: 10:18 PM
राजगीर (बिहार), 16 जुलाई (भाषा) बिहार के नालंदा जिले में पुलिस विभाग के एक वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत के बाद उग्र भीड़ के हमले में आठ पुलिसकर्मी घायल हो गए तथा लोगों ने कई वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि मोटरसाइकिल सवार युवक की बुधवार सुबह करीब 10 बजे सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी जिसके बाद भीड़ ने शाम को पुलिस दल पर हमला किया।
नालंदा पुलिस की ओर से जारी बयान के अनुसार, हरनौत-बेलछी मार्ग पर चेरन के निकट पुलिस विभाग की एक एसयूवी (स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल) और मोटरसाइकिल की टक्कर में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई।
बिहारशरीफ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ-2) ने बताया कि उक्त एसयूवी को पुलिस विभाग ने पट्टे पर लिया है।
अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम के बाद युवक का शव उसके परिजनों को सौंप दिया गया और मृतक के पिता की लिखित शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई।
बयान के अनुसार, ''कुछ असामाजिक तत्वों ने सड़क जाम कर हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर धरना समाप्त करा दिया। हालांकि शाम करीब सात बजे परिजन और अन्य प्रदर्शनकारियों ने शव को सड़क पर रखकर तथा ट्रैक्टर एवं अन्य वाहन खड़े कर बिहारशरीफ-बख्तियारपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जीडीएम कॉलेज के पास दोबारा जाम लगा दिया।''
बयान में कहा गया है कि जब प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से जाम हटाने की अपील की, तो भीड़ ने पुलिसकर्मियों और दंडाधिकारियों पर पथराव कर दिया तथा टायर एवं अन्य ज्वलनशील सामग्री में आग लगा दी और आसपास खड़े वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया।
इसमें बताया गया कि इस हमले में आठ पुलिसकर्मी घायल हो गए।
अधिकारियों ने बताया कि बार-बार चेतावनी देने के बावजूद भीड़ के नहीं हटने पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और हल्का बल प्रयोग कर स्थिति को नियंत्रित किया।
उन्होंने बताया कि इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बहाल करा दिया गया तथा मृतक के परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए।
बयान के अनुसार, घटनास्थल पर मौजूद पुलिस अधिकारियों की शिकायत के आधार पर एक अन्य प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने बताया कि हिंसा में कथित रूप से शामिल एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की पहचान स्थानीय सूचनाओं और वीडियो फुटेज के आधार पर की जा रही है तथा उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
भाषा कैलाश सिम्मी
सिम्मी
1607 2218 राजगीर