अमेरिकी आरोपपत्र से जुड़े मामले में पंजाब पुलिस के निरीक्षक गुरिंदरजीत सिंह नागरा गिरफ्तार
माधव
- 18 Jul 2026, 04:53 PM
- Updated: 04:53 PM
होशियारपुर, 18 जुलाई (भाषा) पंजाब पुलिस ने अमेरिका के संघीय आरोपपत्र में भारत स्थित एक संगठित अपराध गिरोह से जुड़े कथित जबरन वसूली साजिश के आरोपों के सिलसिले में एक निरीक्षक को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
जालंधर रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) नवीन सिंगला ने शनिवार को निरीक्षक गुरिंदरजीत सिंह नागरा की गिरफ्तारी की पुष्टि की।
नागरा होशियारपुर जिले के टांडा थाने में थाना प्रभारी (एसएचओ) के पद पर तैनात थे। राज्य सरकार ने मीडिया रिपोर्टों और सोशल मीडिया पोस्ट में उनका नाम अमेरिकी संघीय आरोपपत्र में लगाए गए आरोपों से जोड़े जाने के बाद आठ जुलाई को उन्हें पुलिस लाइन स्थानांतरित कर दिया था।
पुलिस ने इस मामले में तथ्यों की जांच के भी आदेश दिए थे और इसकी जिम्मेदारी जालंधर ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक (जांच) को सौंपी गई थी।
यह कार्रवाई अमेरिकी अटॉर्नी कार्यालय, सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ऑफ कैलिफोर्निया द्वारा भारत आधारित अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध समूहों के खिलाफ 'ऑपरेशन हार्ड बॉल' नामक समन्वित अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई की घोषणा के बाद हुई। इस अभियान के तहत अमेरिका, कनाडा और यूरोप में गिरफ्तारियां की गई थीं।
लॉस एंजिलिस में सात जुलाई को खोले गए संघीय आरोपपत्र में आरोप लगाया गया है कि गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया ने भारतीय जेल से आपराधिक गिरोह का संचालन किया और पंजाब पुलिस अधिकारी के रूप में वर्णित नागरा ने अमेरिका में रहने वाले एक परिवार को भारत में हत्या के झूठे मामले में फंसाने का प्रयास किया।
आरोपपत्र के अनुसार, पीड़ितों को कथित रूप से जबरन वसूली की एक साजिश के तहत चार लाख अमेरिकी डॉलर का भुगतान करने के लिए मजबूर किया गया, जिसमें भारत में झूठे आपराधिक मामले दर्ज करने का इस्तेमाल किया गया था।
पुलिस ने पहले कहा था कि जांच अधिकारी को आरोपों की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। इसके बाद कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अमेरिकी आरोपपत्र में भारतीय जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके सहयोगी सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ का नाम भी शामिल है। उन पर कनाडा में खालिस्तान समर्थक अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया गया है।
कनाडाई नागरिक निज्जर की 18 जून, 2023 को ब्रिटिश कोलंबिया के सरे स्थित एक गुरुद्वारे के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
संघीय आरोपपत्र के अनुसार बिश्नोई ने 45 वर्षीय निज्जर की हत्या का आदेश दिया था, जिसे अदालत के दस्तावेजों में 'एचएसएन' के नाम से संदर्भित किया गया है।
'ऑपरेशन हार्ड बॉल'' के तहत अमेरिका, कनाडा और यूरोप की कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने भारत स्थित तीन अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध समूहों से जुड़े 24 लोगों को गिरफ्तार किया है। इन समूहों पर निज्जर की हत्या समेत कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है।
भाषा रवि कांत रवि कांत माधव
माधव
1807 1653 होशियारपुर