बंगाल : अवैध निर्माण के आरोप में अभिषेक बनर्जी के पार्टी कार्यालय को ढहाया गया
प्रशांत
- 18 Jul 2026, 07:43 PM
- Updated: 07:43 PM
कोलकाता, 18 जुलाई (भाषा) पश्चिम बंगाल में दक्षिण 24 परगना जिला प्रशासन ने शनिवार को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद अभिषेक बनर्जी के अमतला स्थित पार्टी कार्यालय को ढहा दिया। जिला प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि यह इमारत कथित रूप से स्वीकृत भवन योजना के बिना और लागू निर्माण नियमों का उल्लंघन कर बनाई गई थी। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शनिवार सुबह शुरू हुई। इस दौरान पुलिस और केंद्रीय बलों ने पार्टी कार्यालय के परिसर को अवरोधक लगाकर घेर लिया।
दोपहर के आसपास तीन बुलडोजर मौके पर लाए गए, जिसके बाद प्रशासन ने पहले कार्यालय के सामने बने शेड को हटाया और फिर भवन के अग्रभाग को ढहा दिया। एहतियात के तौर पर अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग के कर्मी भी मौके पर मौजूद रहे।
राज्य सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई सभी आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद की गई।
उन्होंने 'पीटीआई-भाषा' से कहा, ''प्रशासन ने लागू कानूनों और निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करते हुए कार्रवाई की है। यह कार्रवाई निर्माण संबंधी नियमों के कथित उल्लंघन से जुड़ी है और इसका किसी राजनीतिक विचार से कोई संबंध नहीं है।''
ध्वस्तीकरण के दौरान पुलिस ने भवन से कई कंप्यूटर, लैपटॉप और बड़ी संख्या में फाइलें भी बरामद कीं।
कार्रवाई के बाद इलाके में मौजूद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जश्न मनाया तथा पार्टी के समर्थन में नारे लगाए।
अभिषेक बनर्जी डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के सांसद हैं और अमतला इसी संसदीय क्षेत्र का हिस्सा है।
अमतला से भाजपा विधायक अग्निश्वर नस्कर ने आरोप लगाया कि अभिषेक बनर्जी का पार्टी कार्यालय भवन निर्माण नियमों का उल्लंघन कर बनाया गया था और जिला प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत किया।
नस्कर ने कहा, ''यह ढांचा अवैध रूप से बनाया गया था और प्रशासन ने आखिरकार कानून के अनुसार कार्रवाई की है।''
अधिकारी ने बताया कि कार्यालय के निर्माण में सभी नियमों का उल्लंघन किए जाने संबंधी शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि शिकायतों के आधार पर शुरू की गई वैधानिक प्रक्रिया के तहत संबंधित व्यक्तियों को 15 जुलाई को नोटिस जारी कर सुनवाई में उपस्थित होने के लिए कहा गया था।
दक्षिण 24 परगना जिला प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने 'पीटीआई-भाषा' से कहा, ''प्रशासन ने कानून के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई शुरू की है। कथित अनधिकृत निर्माण की शिकायत मिलने के बाद नोटिस जारी किए गए थे और मामला फिलहाल विचाराधीन है। सुनवाई के बाद तथा संबंधित कानूनी प्रावधानों के अनुरूप ही आगे की कार्रवाई की गई।''
अमतला स्थित पार्टी कार्यालय के आसपास शनिवार सुबह से ही अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। परिसर के चारों ओर अवरोधक लगाए गए और पुलिस तथा नागरिक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का दौरा किया।
अधिकारी ने कहा, ''हमने यह सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए कि पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से और कानून के अनुरूप पूरी हो। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया और सुनवाई के परिणाम के आधार पर की गई।''
जिला प्रशासन द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, जिस भूमि पर पार्टी कार्यालय बना है, वह कथित तौर पर 'लीप्स एंड बाउंड्स' नामक कंपनी के नाम पर खरीदी गई थी।
अधिकारियों ने बताया कि नोटिस में भूमि के स्वामित्व से संबंधित दस्तावेजों और निर्माण से जुड़े अन्य अभिलेखों पर भी स्पष्टीकरण मांगा गया था।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, संबंधित व्यक्तियों को जारी किए गए दो नोटिसों का कोई जवाब नहीं मिलने के बाद अधिकारियों ने आगे की कार्रवाई करने का निर्णय लिया।
भाषा रवि कांत प्रशांत
प्रशांत
प्रशांत
1807 1943 कोलकाता