हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का रेड अलर्ट, तीन जिलों के सभी स्कूल बंद
सुरभि
- 20 Jul 2026, 11:06 AM
- Updated: 11:06 AM
शिमला/धर्मशाला, 20 जुलाई (भाषा) मौसम विभाग की ओर से जारी 'रेड अलर्ट' के मद्देनजर हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिलों के सभी शैक्षणिक संस्थान 20 और 21 जुलाई को बंद रहेंगे। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
मौसम विभाग ने सोमवार के लिए चंबा, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिलों में तथा मंगलवार के लिए चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सिरमौर जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का 'रेड अलर्ट' जारी किया है।
कांगड़ा के जिला मजिस्ट्रेट एवं उपायुक्त हेमराज बैरवा ने 20 और 21 जुलाई को जिले के सभी सरकारी और निजी शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।
इसी तरह के आदेश मंडी के उपायुक्त अपूर्व देवगन और सिरमौर की उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने भी जारी किए हैं।
रविवार देर रात जारी आदेश के अनुसार, सभी सरकारी और निजी स्कूल, कॉलेज, व्यावसायिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण संस्थान, आंगनबाड़ी केंद्र, बालवाटिकाएं, केंद्रीय हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय तथा कांगड़ा जिले के बल्याहार स्थित संस्कृत विश्वविद्यालय बंद रहेंगे।
बैरवा ने यह भी निर्देश दिए कि 20 और 21 जुलाई को निर्धारित परीक्षाएं स्थगित कर दी जाएंगी। शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारी अवकाश पर रहेंगे, हालांकि आवश्यकता पड़ने पर जिला प्रशासन उन्हें आपातकालीन या आपदा प्रबंधन कार्यों के लिए बुला सकता है।
मंडी जिले में भी सभी सरकारी स्कूल, निजी शिक्षण संस्थान, आईटीआई, डीआईईटी, व्यावसायिक प्रशिक्षण संस्थान, आंगनबाड़ी केंद्र और निजी 'डे-केयर' केंद्र बंद रहेंगे।
हालांकि, यह आदेश आवासीय शिक्षण संस्थानों पर लागू नहीं होगा। इनमें आईआईटी मंडी, श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, नेरचौक तथा अन्य चिकित्सा शिक्षण संस्थान शामिल हैं।
इस बीच, किन्नौर जिले में सांगला-चितकुल मार्ग पर रानी कांडा के पास टुबर नाले में रविवार को अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचायी।
अधिकारियों ने बताया कि चितकुल के रास्ते तिब्बत सीमा क्षेत्र को उत्तराखंड से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है।
टुबर नाले पर बना पुल भी तेज बहाव में क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे सेना और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की अग्रिम चौकियों से सड़क संपर्क टूट गया है। यह मार्ग सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसी रास्ते सेना और आईटीबीपी की तिब्बत सीमा के निकट स्थित अग्रिम चौकियों तक जवानों और आवश्यक सामग्री की आवाजाही होती है।
शिमला स्थित मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा प्रदेश के चार से पांच जिलों में अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी से अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना जताए जाने के बाद हिमाचल प्रदेश के अधिकारी अत्यधिक सतर्क हैं।
इससे पहले मुख्य सचिव कमलेश कुमार पंत ने सभी उपायुक्तों को निर्देश दिए थे कि वे जिला आपातकालीन संचालन केंद्रों को 24 घंटे सक्रिय रखें, भूस्खलन, अचानक बाढ़ और बादल फटने की आशंका वाले संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान करें तथा आवश्यक एहतियाती उपाय सुनिश्चित करें।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि त्वरित प्रतिक्रिया दल, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), होमगार्ड, अग्निशमन सेवा, पुलिस और एंबुलेंस सेवाओं को पूरी तरह तैयार रखा जाए।
प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदियों, खड्डों, नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।
भाषा गोला सुरभि
सुरभि
2007 1106 शिमला