लेबर पार्टी के नेता एंडी बर्नहम ने ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री के रूप में पदभार संभाला
दिलीप
- 20 Jul 2026, 09:44 PM
- Updated: 09:44 PM
(अदिति खन्ना)
लंदन, 20 जुलाई (भाषा) ब्रिटेन में लेबर पार्टी के नवनिर्वाचित नेता एंडी बर्नहम ने सोमवार को ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री के रूप में पदभार संभाल लिया।
बर्नहम ने साथ ही यह संकल्प भी जताया कि उनका प्रधानमंत्री बनना ब्रिटेन के लिए एक 'बड़ा बदलाव लाने वाला मोड़' साबित होगा तथा देश को एक ''नयी राजनीतिक व्यवस्था और नया आर्थिक मॉडल मिलेगा।''
बर्नहम ने 10 डाउनिंग स्ट्रीट पर अपने पहले संबोधन में कहा कि वह राजनीति को समस्याओं के समाधान पर अधिक केंद्रित बनाएंगे। वह पिछले 10 वर्षों में ब्रिटेन के सातवें प्रधानमंत्री हैं।
लेबर पार्टी के 56 वर्षीय नेता बर्नहम ने प्रधानमंत्री पद की परंपरा से अलग हटते हुए अपने नये मुख्यालय से देश को संबोधित किया। उन्होंने अपने पूर्ववर्तियों की तरह आमतौर पर इस्तेमाल किए जाने वाले पारंपरिक मंच का इस्तेमाल नहीं किया।
बर्नहम ने प्रधानमंत्री के रूप में अपने पहले संबोधन में कहा, "हम इस क्षण को ब्रिटेन के लिए एक निर्णायक बदलाव का अवसर बनाएंगे और पिछले 40 वर्षों में सबसे बड़े बदलावों को आगे बढ़ाएंगे। एक नया राजनीतिक मॉडल और एक नई आर्थिक व्यवस्था लाएंगे।"
बर्नहम के साथ उनकी पत्नी मैरी-फ्रांस वैन हील और कई पार्टी सहयोगी भी मौजूद थे। उम्मीद है कि वह इन पार्टी सहयोगियों को अपना करीबी सहयोगी नियुक्त करेंगे। बर्नहम ने सहयोगात्मक तरीके से काम करने का वादा किया। उन्होंने अधिक मकानों के निर्माण के जरिए "सड़कों पर रहने की समस्या खत्म करना" अपनी प्राथमिकताओं में शामिल बताया।
बर्नहम ने कहा, "हम लोगों को बेहतर जीवन जीने में मदद करेंगे। हम ऐसी व्यवस्था बनाएंगे, जो समस्याएं पैदा होने के बाद उनका समाधान करने के बजाय पहले से रोकथाम पर ध्यान दे और यह काम अब शुरू होता है।"
उन्होंने कहा, "मैं जल्द ही अपने पीछे मौजूद उस दरवाजे से अंदर जाऊंगा और अपना पहला निर्देश जारी करूंगा-देश में सड़कों पर रहने की समस्या को खत्म करना।"
नये नेता ने ब्रिटेन में सार्वजनिक स्वामित्व को बढ़ावा देने की नई पहल और देश के लिए 10 वर्षीय योजना लागू करने का वादा किया। इस दौरान उन्होंने 1980 के दशक में तत्कालीन कंजर्वेटिव प्रधानमंत्री मार्गरेट थैचर के शासनकाल में औद्योगिक गतिविधियों में कमी आने की आलोचना की।
उन्होंने कहा, "1980 के दशक में ब्रिटेन ने कुछ गलत रास्ते अपनाए। राजनीतिक सत्ता का केंद्रीकरण हुआ, आर्थिक शक्ति का निजीकरण हुआ और देश के बड़े हिस्सों में उद्योगों में कमी आयी। वे इलाके आज तक पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं। वहां के कई लोगों को अब भी लगता है कि उनमें कमी आने का सिलसिल अभी भी जारी है और उनके पास स्थिति बदलने की क्षमता नहीं है।
ब्रिटेन में पिछले 40 वर्षों के सबसे बड़े बदलावों में से कुछ लाने के अपने वादे के तहत बर्नहम ने देश में फिर से उम्मीद जगाने और एक दशक से जारी राजनीतिक उथल-पुथल के बाद स्थिरता बहाल करने का संकल्प व्यक्त किया।
उन्होंने कहा, "मैं पूरी तरह से इस बात से अवगत हूं कि पिछले 10 वर्षों में इस सड़क (डाउनिंग स्ट्रीट) तक पहुंचने वाला मैं छठा व्यक्ति और 2016 के बाद सातवां प्रधानमंत्री हूं। इसलिए यह आत्ममंथन और नए संकल्प का क्षण है।"
उन्होंने कहा, "इसके लिए मेरी पीढ़ी के नेताओं को अपने कामकाज का स्तर बेहतर करना होगा और नई चुनौतियों का सामना करने के लिए आगे आना होगा। ब्रिटेन को दुनिया को यह दिखाना होगा कि हम फिर से अपनी स्थिरता हासिल कर सकते हैं। यही हमारी चुनौती है कि राजनीति को प्रभावी बनाया जाए और उसे पहले के मुकाबले बेहतर ढंग से काम करने योग्य बनाया जाए।"
उन्होंने कहा, "मुझे पता है कि देश के लोग राजनीति से तंग आ चुके हैं। मैं आपकी बात सुन रहा हूं। मैं आपसे ईमानदारी से कहना चाहता हूं कि हम उतना अच्छा काम नहीं कर पाए, जितना करना चाहिए था, और हमें बेहतर करना होगा। हम बेहतर करेंगे।"
ब्रिटेन के राजा चार्ल्स तृतीय से मुलाकात के बाद बर्नहम ने ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री के रूप में औपचारिक रूप से कार्यभार संभाल लिया। सत्ता हस्तांतरण की औपचारिक प्रक्रिया के तहत केअर स्टॉर्मर के इस्तीफा देने के कुछ ही समय बाद राजा चार्ल्स ने ग्रेटर मैनचेस्टर के पूर्व मेयर बर्नहम को नई सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया था।
बकिंघम पैलेस के एक बयान में कहा गया, "महामहिम (राजा) ने सांसद एंड्रयू बर्नहम से मुलाकात की और उनसे नई सरकार बनाने का अनुरोध किया।"
बकिंघम पैलेस के बयान में कहा गया कि प्रधानमंत्री और 'फर्स्ट लॉर्ड ऑफ ट्रेजरी' के रूप में नियुक्ति के बाद बर्नहम ने "महाराज के हाथों को चूमा"। यह ब्रिटेन के संवैधानिक राजतंत्र का हिस्सा रही एक प्रतीकात्मक शाही परंपरा है।
पिछले सप्ताह लेबर पार्टी के निर्विरोध नेता चुने गए बर्नहम के प्रधानमंत्री के रूप में तत्काल कामकाज शुरू करने और मंत्रिमंडल के सदस्यों के नामों की घोषणा करने की उम्मीद है।
इससे पहले केअर स्टॉर्मर ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री के रूप में 10 डाउनिंग स्ट्रीट से अपना अंतिम संबोधन दिया और कहा, ''मेरा काम पूरा हो गया है।''
लेबर सांसद स्टॉर्मर (63) ने पिछले महीने पद छोड़ने की घोषणा की थी।
उन्होंने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा, ''मैं जिम्मेदारी एंडी बर्नहम को सौंप रहा हूं, जिन्हें मेरा पूरा समर्थन है।''
स्टॉर्मर ने कहा, ''मैं पूरे सम्मान के साथ जा रहा हूं, मुस्कराते हुए जा रहा हूं और हमने जो कुछ हासिल किया है, उस पर मुझे गर्व है।''
जुलाई 2024 के आम चुनाव में लेबर पार्टी को प्रचंड बहुमत दिलाने के बाद दो वर्ष तक प्रधानमंत्री रहने वाले स्टॉर्मर के 10 डाउनिंग स्ट्रीट से विदा होने पर उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों और अधिकारियों ने कतारबद्ध होकर तालियां बजाकर उन्हें विदाई दी।
भाषा अमित दिलीप
दिलीप
2007 2144 लंदन