प्रधानमंत्री ने राजग सांसदों से लोगों तक पहुंचने व सरकार की उपलब्धियों के बारे में बताने को कहा
माधव
- 21 Jul 2026, 06:19 PM
- Updated: 06:19 PM
नयी दिल्ली, 21 जुलाई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को राजग सांसदों से खुद को देश के कल्याण के लिए समर्पित करने और सरकार की उपलब्धियों को उजागर करने को कहा।
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) बैठक के बाद भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने संवाददाताओं से कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जोर दिया कि हमेशा देश सबसे पहले आता है और उन्होंने सांसदों से देश की प्रगति और समृद्धि के लिए काम करने का आह्वान किया।
चुघ ने संसद भवन परिसर में संवाददाताओं से कहा, ''प्रधानमंत्री ने सभी राजग सांसदों से अपने जीवन का हर पल देश के कल्याण के लिए समर्पित करने को कहा। देश सबसे पहले आता है, और हमें इसकी प्रगति एवं समृद्धि के लिए काम करना चाहिए।''
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की बढ़ती वैश्विक पहचान की भी चर्चा की और कहा कि देश के युवा पूरी दुनिया में अपनी छाप छोड़ रहे हैं।
चुघ ने प्रधानमंत्री के हवाले से कहा, ''आज पूरी दुनिया भारत के युवाओं की आवाज सुन रही है। भारत पहले से कहीं अधिक तेजी से प्रगति कर रहा है। चाहे हमारी अर्थव्यवस्था हो, हमारी रक्षा नीति हो या हमारी कल्याणकारी योजनाएं, पूरी दुनिया उनकी सराहना कर रही है। दुनिया भर के देशों के साथ किए गए समझौते भारत को विकास के रास्ते पर आगे ले जाएंगे।''
चुघ ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राजग कार्यकर्ता 'विकसित भारत' बनाने के संकल्प के साथ काम कर रहे हैं।
भाजपा सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय कल्याण पर ज़ोर दिया और सांसदों से लोगों के साथ निकटता से जुड़े रहने का आग्रह किया।
त्रिपाठी ने कहा, ''प्रधानमंत्री मोदी ने देश के कल्याण और हमारी बैठक की सकारात्मक भावना के बारे में बात की। उन्होंने उस उत्साह के बारे में बात की जिसके साथ हमारे युवा काम कर रहे हैं और कैसे भारत की उपलब्धियां देश और विदेश में अपनी छाप छोड़ रही हैं।''
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सांसदों को सलाह दी कि वे लोगों के बीच जाएं और उनसे जुड़े रहें। उन्होंने कहा, ''इस मार्गदर्शन के बाद, हम सभी प्रधानमंत्री मोदी और नितिन नवीन के नेतृत्व में नयी ऊर्जा से भर गए हैं।''
भाजपा सांसद कंगना रनौत ने कहा कि प्रधानमंत्री ने युवाओं के सामने आने वाली चुनौतियों की चर्चा की और सांसदों से उनसे जुड़ने और उन मुद्दों को हल करने को कहा।
रनौत ने कहा, ''उन्होंने कहा कि हमें अपनी उपलब्धियों के बारे में विस्तार से बात करनी चाहिए, चाहे वह विज्ञान का क्षेत्र हो या हाइड्रोजन ट्रेन जैसी परियोजनाएं। उन्होंने इन उपलब्धियों पर चर्चा की कमी पर चिंता भी जताई।''
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के बारे में भी बात की।
सोमवार को संसद के पास कॉकरोच जनता पार्टी के सदस्यों के प्रदर्शन को लेकर पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए रनौत ने कहा कि स्थिति काफी तनावपूर्ण थी।
उन्होंने कहा, ''आप सभी अंदर थे और देखा कि कैसे सांसद चिंतित थे। गेट बंद कर दिए गए थे, सभी सांसद अंदर ही थे और हममें से कोई भी बाहर नहीं निकल पा रहा था। आपने देखा कि कैसे भीड़ ने हम पर हमला करने की कोशिश की। एक समय तो हममें से कई लोग डर गए थे कि हम पर हमला हो सकता है।''
दिल्ली पुलिस की तारीफ करते हुए रनौत ने कहा, ''उन्होंने हमारे लिए ढाल का काम किया, पत्थर और चोटें खुद झेलीं और सुनिश्चित किया कि जनता को कोई नुकसान न हो।''
भाषा अविनाश माधव
माधव
2107 1819 दिल्ली