ईरान-अमेरिका के बीच हमले 10वें दिन जारी, पाकिस्तान में मध्यस्थों से मिले ईरानी अधिकारी
पवनेश
- 21 Jul 2026, 07:42 PM
- Updated: 07:42 PM
इस्लामाबाद, 21 जुलाई (एपी) अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध-विराम को लेकर हुए अंतरिम समझौते के विफल होने के बाद तेहरान के एक शीर्ष अधिकारी ने मंगलवार को पाकिस्तान में मध्यस्थों के साथ बातचीत शुरू की। वहीं, दोनों देशों के बीच नए सिरे से शुरू हुई लड़ाई के लगातार 10वें दिन भी हमले जारी रहे।
ईरान के गृह मंत्री इस्कंदर मोमेनी का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब पाकिस्तान पिछले कुछ दिनों से ईरान और अमेरिका के बीच विफल हो चुके अंतरिम समझौते को फिर से पटरी पर लाने के लिए अपने कूटनीतिक प्रयास तेज किए हुए है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि युद्ध खत्म करने के लिए कोई नया समझौता हो सकेगा या नहीं।
ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में मंगलवार सुबह एक टैंकर पर हमला किया, जिसके बाद चालक दल ने जहाज को छोड़ दिया। वहीं, इस अहम जलमार्ग पर नियंत्रण को लेकर जारी संघर्ष के बीच अमेरिका ने ईरान को निशाना बनाते हुए एक और हवाई हमला किया।
लगातार 10 रातों से जारी अमेरिका के हवाई हमलों के बावजूद जलडमरूमध्य पर ईरान का नियंत्रण कमजोर नहीं हुआ है। युद्ध से पहले, वैश्विक स्तर पर कारोबार होने वाले कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा इसी संकरे जलमार्ग से होकर गुजरता था।
दोनों देशों के बीच पिछले महीने हुआ अस्थायी समझौता अब टूट चुका है। वहीं, होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही भी लगभग रुक गई है। लड़ाई तेज होने के साथ दोनों पक्षों ने ऐसे नागरिक बुनियादी ढांचे को भी निशाना बनाया है, जिस पर लाखों लोगों का जीवन निर्भर है।
अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी नागरिकों के लिए जारी एक नयी चेतावनी में कहा, ''ईरान और ईरान का समर्थन करने वाले समूह विदेश में अमेरिका के अन्य हितों या दुनिया भर में अमेरिका और अमेरिकियों से जुड़ी जगहों को निशाना बना सकते हैं।''
हाल के हफ्तों में तनाव बढ़ने से तेल की कीमतें बढ़ गई हैं। मंगलवार को 'बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड' की कीमत 90 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रही और अमेरिका में नियमित गैसोलीन की कीमत औसतन चार डॉलर प्रति गैलन तक पहुंच गई, जिससे इस बार के मध्यावधि चुनाव से पहले अमेरिकी उपभोक्ताओं की जेब पर दबाव बढ़ गया है।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को सोशल मीडिया पर चेतावनी दी, ''जब भी ईरान किसी अमेरिकी सैनिक की हत्या करेगा, तो उसे इस हत्या की भारी कीमत चुकानी पड़ेगी!''
दो अधिकारियों ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर बताया कि ईरान के गृह मंत्री मोमेनी ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर से मुलाकात की। बाद में मोमेनी ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से भी मुलाकात की।
अधिकारियों ने बैठक के बारे में फिलहाल कोई जानकारी साझा नहीं की। यह मुलाकात ऐसे समय हुई जब ईरान ने अमेरिका के खाड़ी अरब सहयोगी देशों पर अपने हमले जारी रखे।
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने रविवार को संवाददाताओं से कहा था कि अमेरिका अब भी ईरान के साथ बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन इसके लिए ''गंभीर और सार्थक'' पहल होनी चाहिए। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि तेहरान ऐसा कोई प्रस्ताव देगा या नहीं, जिसे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ''वास्तविक'' या ''सार्थक'' मानें।
अमेरिकी सेंट्रल कमान ने कहा है कि उसने ''ईरान के सैन्य कमान केंद्रों, समुद्री क्षमता, मिसाइल और ड्रोन प्रक्षेपण स्थल और वायु रक्षा प्रणाली'' को निशाना बनाया। उसने ईरान में इन स्थलों को निशाना बनाकर की गई बमबारी के और फुटेज जारी किए।
ईरान की सरकारी मीडिया ने खबर दी कि फार्स, होर्मोजगन, इलम, केरमन और सिस्तान-बलूचिस्तान प्रांतों में धमाकों की आवाजें सुनी गईं।
हालांकि, हालिया हिंसा के दौरान जलडमरूमध्य से गुजरने वाला यातायात बहुत धीमा हो गया है। समुद्री डेटा और खुफिया सूचनाएं प्रदान करने वाली लंदन स्थित 'लॉयड्स लिस्ट इंटेलिजेंस' ने बताया कि रविवार को सिर्फ तीन जहाज ही इस जलडमरूमध्य से गुज़रे।
ब्रिटिश सेना की 'यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस' केंद्र ने कहा कि मंगलवार सुबह ओमान जलडमरूमध्य में एक टैंकर को निशाना बनाया गया था, जिसके बाद चालक दल के सदस्य जहाज छोड़कर चले गए।
ईरान के अर्द्धसैन्य बल रिवॉल्यूशनरी गार्ड ने दावा किया कि इस हमले के अलावा सोमवार को जहाजों को निशाना बनाकर दो अन्य हमले किए गए।
ईरान ने मध्य पूर्व में अमेरिका के सहयोगी देशों पर भी हमले जारी रखे। जॉर्डन की सेना ने मंगलवार को बताया कि ईरान ने उसके क्षेत्र को निशाना बनाते हुए पांच ड्रोन और तीन मिसाइल दागीं, जिन्हें वायु रक्षा प्रणाली ने मार गिराया।
ईरान के मिसाइल हमले के बाद द्वीपीय देश बहरीन में मंगलवार को मिसाइल हमले की चेतावनी वाले सायरन बज उठे।
कुवैत ने कहा कि ईरान ने फिर से उसके बिजली घरों और जल विलवणीकरण संयंत्रों पर हमला किया है। कुवैत के बिजली, जल और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के बयान के अनुसार, तेहरान ने लगातार चौथे दिन और सोमवार रात इन संयंत्रों को निशाना बनाया। कुवैत में पेयजल की करीब 90 प्रतिशत आपूर्ति विलवणीकरण संयंत्रों से होती है।
एपी आशीष पवनेश
पवनेश
2107 1942 इस्लामाबाद