दिल्ली में छात्रों, राहुल गांधी के खिलाफ पुलिस कार्रवाई 'हैरान करने वाली' : पटनायक
पवनेश
- 22 Jul 2026, 07:58 PM
- Updated: 07:58 PM
भुवनेश्वर, 22 जुलाई (भाषा) बीजू जनता दल (बीजद) अध्यक्ष नवीन पटनायक ने नयी दिल्ली में छात्रों और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ कथित पुलिस कार्रवाई को बुधवार को "हैरान करने वाला" करार दिया और नीट प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की अपनी पार्टी की मांग दोहरायी।
पटनायक के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए ओडिशा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसदों ने पूर्व मुख्यमंत्री पर "कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) का साथ देने" का आरोप लगाया और उन्हें उनके 24 साल के शासनकाल में परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की याद दिलायी।
एक सप्ताह के दिल्ली दौरे के बाद भुवनेश्वर लौटने पर पत्रकारों से बातचीत में पटनायक ने जारी छात्र आंदोलन का समर्थन किया। उन्होंने कहा, "युवा छात्रों पर पुलिस की अनावश्यक हिंसा से हर कोई बेहद स्तब्ध है। केवल छात्रों के साथ ही नहीं, बल्कि संसद में नेता प्रतिपक्ष और कई अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ भी पुलिस ने बहुत कठोर व्यवहार किया। यह हैरान करने वाला है।"
पटनायक ने कहा कि परीक्षा से जुड़ी अनियमितताएं पूरे देश में एक बड़ा मुद्दा बन गई हैं। उन्होंने कहा, "जैसा कि आप जानते हैं, पूरा देश उनके (धर्मेंद्र प्रधान के) इस्तीफे की मांग कर रहा है। यह मांग केवल भारत में ही नहीं, बल्कि विदेशों में स्थित हमारे दूतावासों के बाहर भी उठाई जा रही है।"
छात्र आंदोलन का उल्लेख करते हुए पटनायक ने कहा कि उन्होंने दिल्ली प्रवास के दौरान भी इस मुद्दे पर अपनी राय व्यक्त की थी। उन्होंने कहा, "युवा छात्रों के साथ जो हुआ, उसे लेकर पूरे देश में आंदोलन हो रहा है। इससे पूरा राष्ट्र स्तब्ध है। हम आंदोलन में शामिल रहे हैं और ओडिशा में भी आंदोलन करेंगे।"
प्रधान के इस्तीफे की मांग पर उन्होंने कहा, "छात्रों के साथ जो हुआ, उसके बाद पूरा देश उनके इस्तीफे की मांग कर रहा है। उन्हें इस्तीफा देना चाहिए।"
दिल्ली दौरे के दौरान पटनायक ने प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुई झड़प के बाद की स्थिति पर बीजद सांसदों के साथ चर्चा की थी। राज्यसभा सदस्य मानस रंजन मंगराज के नेतृत्व में पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने राम मनोहर लोहिया अस्पताल जाकर घायल छात्रों से मुलाकात की थी और उन्हें समर्थन का भरोसा दिया था।
बीजद ने छात्रों के खिलाफ कथित पुलिस कार्रवाई पर संसद में एक विशेष चर्चा की मांग भी की है।
पटनायक के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए वरिष्ठ सांसद भर्तृहरि महताब के नेतृत्व में ओडिशा के भाजपा सांसदों ने बीजद प्रमुख की आलोचना की। महताब ने पत्रकारों से कहा, "पूर्व मुख्यमंत्री ने कॉकरोच जनता पार्टी का साथ देकर एक नया निचला स्तर छू लिया है। उनका बयान तथ्यों पर आधारित नहीं है।"
उन्होंने आरोप लगाया कि 2015 से 2024 के बीच बीजद सरकार के कार्यकाल में ओडिशा में परीक्षा से जुड़ी कई अनियमितताएं हुईं। महताब ने कहा, "पटनायक को ओडिशा की जनता को इतना हल्के में नहीं लेना चाहिए।"
दिल्ली में हुए विरोध प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को अपनी राय रखने का अधिकार है, लेकिन "सुरक्षा बैरिकेड पार करना, प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश करना और संसद परिसर में घुसने का प्रयास करना उचित नहीं है।"
उन्होंने दावा किया कि नीट प्रश्नपत्र लीक मामले का समाधान दोबारा परीक्षा आयोजित करके किया गया है और कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की तत्कालीन सरकार के कार्यकाल में भी इसी तरह के प्रश्नपत्र लीक के मामले सामने आए थे।
महताब ने कहा, "पटनायक का बयान किसी भी तरह स्वीकार्य नहीं है। उन्हें इस तरह की टिप्पणियों से बचना चाहिए।"
भाषा अमित पवनेश
पवनेश
2207 1958 भुवनेश्वर