यूक्रेन युद्ध पर बातचीत की संभावना तलाशने के लिए रूबियो और लावरोव की मनीला में मुलाकात
माधव
- 23 Jul 2026, 01:21 PM
- Updated: 01:21 PM
मनीला, 23 जुलाई (एपी) यूक्रेन युद्ध को समाप्त कराने के प्रयासों को फिर से आगे बढ़ाने की संभावना तलाशने के उद्देश्य से अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने बृहस्पतिवार को फिलीपीन की राजधानी मनीला में रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से मुलाकात की।
दोनों नेताओं की यह बैठक दक्षिण-पूर्व एशियाई राष्ट्रों के संगठन (आसियान) के विदेश मंत्रियों की वार्षिक बैठक के इतर हुई। अमेरिका और रूस ने तत्काल इस बैठक का कोई ब्योरा साझा नहीं किया।
मंगलवार से बंद कमरे में चल रही तीन दिवसीय वार्ता में पश्चिम एशिया में फिर तेज हुए संघर्ष, रूस-यूक्रेन युद्ध और दक्षिण चीन सागर की स्थिति प्रमुख मुद्दे रहे। दक्षिण चीन सागर में बृहस्पतिवार को एक नया टकराव भी सामने आया।
रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त कराने के लिए अमेरिका के प्रयास हाल के महीनों में धीमे पड़ गए हैं। दोनों पक्षों के बीच परोक्ष वार्ता ठप पड़ गई, जबकि ईरान से जुड़े संघर्ष ने अंतरराष्ट्रीय कूटनीतिक प्रयासों को तेज कर दिया है। अंतरिम युद्धविराम समझौता टूटने के बाद अमेरिका और ईरान के बीच हमले तेज हो गए हैं।
रूबियो ने बुधवार को मनीला में संवाददाताओं से कहा था कि वह लावरोव के साथ यूक्रेन संघर्ष पर चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि अवसर मिलता है तो अमेरिका युद्ध समाप्त कराने में भूमिका निभाने के लिए तैयार है।
उन्होंने स्वीकार किया कि पिछले कुछ महीनों में इस दिशा में प्रयास कुछ धीमे पड़ गए हैं, लेकिन इस बैठक में यह परखा जाएगा कि क्या वार्ता फिर से शुरू करने की कोई संभावना है।
रूबियो ने कहा, ''मतभेद होने के बावजूद हमें रूस की सरकार के साथ संबंध बनाए रखने होंगे।'' उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका और रूस दुनिया के दो सबसे बड़े परमाणु हथियार संपन्न देश हैं।
लावरोव ने आसियान बैठक के दौरान संवाददाताओं से कहा कि वह रूबियो से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उन हालिया बयानों के बारे में पूछेंगे, जिनमें उन्होंने यूक्रेन युद्ध के समाधान के करीब पहुंचने का दावा किया है।
लावरोव ने कहा, ''मैं कल (बृहस्पतिवार) मार्को रूबियो से इस बारे में पूछूंगा।''
यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए वार्ता फिर से शुरू होने की उम्मीद ऐसे समय जताई जा रही है, जब यूक्रेन ने इस वर्ष कुछ महत्वपूर्ण प्रगति की है, लेकिन रक्षा नेतृत्व के भीतर मतभेद उसके प्रयासों पर असर डाल सकते हैं। राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने हाल ही में सरकार में व्यापक फेरबदल किया है, जिसमें शीर्ष सैन्य अधिकारियों में भी बदलाव शामिल हैं।
रूबियो ने कहा कि यूक्रेन के अलावा वह रूस के साथ सहयोग के अन्य संभावित क्षेत्रों पर भी चर्चा करेंगे। आसियान बैठक के दौरान दोनों नेताओं के बीच हुई अन्य मुलाकातों में भी ऐसे व्यापक मुद्दों पर बातचीत हुई है।
इस बीच, ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग ने क्षेत्र में चीन की परमाणु ऊर्जा चालित पनडुब्बी से हाल में किए गए मिसाइल परीक्षण को लेकर चिंता दोहराई। उन्होंने कहा कि इस परीक्षण के बारे में पर्याप्त जानकारी और पूर्व सूचना नहीं दी गई, जबकि मिसाइल फिलीपीन के ऊपर से गुजरी और प्रशांत क्षेत्र में गिरी।
चीन ने अपने कदम का बचाव करते हुए कहा कि मिसाइल प्रक्षेपण उसके वार्षिक सैन्य अभ्यास का हिस्सा था और उसने क्षेत्र के देशों को पहले से उचित सूचना दे दी थी।
एपी मनीषा माधव
माधव
2307 1321 मनीला