सलमान, करीना, आलिया, कमल हासन समेत कई अभिनेताओं ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों का समर्थन किया
रंजन
- 23 Jul 2026, 08:15 PM
- Updated: 08:15 PM
नयी दिल्ली, 23 जुलाई (भाषा) शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के बाद फिल्म जगत के कई कलाकार उनके समर्थन में सामने आए हैं। सलमान खान, आलिया भट्ट, करीना कपूर खान और कमल हासन समेत कई सितारों ने छात्रों की मांगों का समर्थन किया है।
मशहूर खान अभिनेताओं में सबसे पहले सलमान खान ने इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि छात्रों की बेहतर शिक्षा व्यवस्था की मांग उचित है, लेकिन आंदोलन का राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए।
सलमान ने बुधवार रात 'एक्स' पर लिखा, "यह एक शांतिपूर्ण आंदोलन था। दुख है कि यह हिंसक हो गया। घायल छात्रों और उनके परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। प्रश्नपत्र लीक गंभीर मुद्दा है और यह देखकर खुशी है कि देश के बच्चे बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए एकजुट हुए हैं तथा उनके माता-पिता ने भी उनका साथ दिया।"
कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेतृत्व में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और नीट समेत विभिन्न परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में सोमवार को दिल्ली सहित कई शहरों में प्रदर्शन हुए थे। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया था।
सलमान खान ने कहा, "यह मुद्दा छात्रों और शिक्षा व्यवस्था के बीच का है। इसका राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए।"
करीना कपूर खान ने सोशल मीडिया पर लिखा कि वह कई दिनों से इस मुद्दे पर चुप थीं, लेकिन अब और चुप नहीं रह सकतीं।
उन्होंने कहा कि अपने भविष्य को लेकर आवाज उठा रहे युवाओं की बात को अनसुना नहीं किया जा सकता।
करीना ने कहा, "जब पूरी पीढ़ी अपने भविष्य को लेकर एक स्वर में बोल रही हो, तो उनकी बात सुनना कोई एहसान नहीं, बल्कि हमारी जिम्मेदारी है। आज हम जिस तरह प्रतिक्रिया देंगे, उससे तय होगा कि निष्पक्षता और भरोसा वास्तव में मौजूद हैं या सिर्फ बड़े लोगों की कही बातें हैं।"
आलिया भट्ट ने छात्रों के साहस की सराहना करते हुए कहा कि पिछले कुछ दिनों ने उनका दिल तोड़ा है लेकिन उम्मीद भी दी है।
उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा, "अपने अधिकारों के लिए डटे हर छात्र के पीछे एक सपना, परिवार की उम्मीद और अनगिनत त्याग की कहानी है। वे केवल अपनी नहीं, बल्कि उन सभी लोगों की उम्मीदों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं जिन्होंने उनका साथ दिया और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर रास्ता बनाने की कोशिश की है।"
आलिया भट्ट ने अपनी पोस्ट के अंत में लिखा, "छात्रों के लिए। छात्रों द्वारा। भविष्य उन्हीं का है।"
तमिल अभिनेता और राजनेता कमल हासन ने छात्रों पर पुलिस कार्रवाई की कड़ी आलोचना की।
उन्होंने कहा, "जब पहले बच्चे ने आवाज उठाई थी, तभी हमें सुन लेना चाहिए था लेकिन हमने तब तक इंतजार किया, जब तक बहुत सारे बच्चों की जान नहीं चली गई। ऐसी व्यवस्था, जिसने पढ़ाई की जगह कोचिंग, जिज्ञासा की जगह चिंता और योग्यता की जगह अपराध ने ले ली हो, पूरी तरह सड़ चुकी है।"
उन्होंने कहा, "जब किसी देश में बच्चों को जवाब देने के बजाय अवरोधक और लाठियां मिलें, तो यह उस राष्ट्र की विफलता है।"
कमल हासन ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से अपना अनिश्चितकालीन अनशन समाप्त करने की भी अपील की।
वांगचुक 28 जून से कॉजपा के आंदोलन में शामिल होने के बाद अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। उन्हें पहले पुलिस ने जंतर-मंतर से सफदरजंग अस्पताल पहुंचाया था। बाद में दिल्ली उच्च न्यायालय के आदेश पर उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल स्थानांतरित किया गया।
हॉलीवुड अभिनेता जॉन क्यूसैक ने लेखिका अरुंधति रॉय का एक लेख साझा किया। इस लेख में छात्रों के 'चलो संसद' मार्च के दौरान दिल्ली पुलिस द्वारा कथित अत्यधिक बल प्रयोग की आलोचना की गई थी।
जॉन ने 2019 में सीएए विरोधी प्रदर्शनों और 2024 में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' का समर्थन किया था।
क्यूसैक ने पोस्ट साझा करते हुए लिखा, "मेरे साथी कॉकरोच की ओर से खूबसूरत खबर।"
वहीं, 'पंचायत' श्रृंखला के अभिनेता रघुबीर यादव ने कहा कि संसद की ओर मार्च कर रहे छात्रों को "बेरहमी से पीटे जाने" के वीडियो देखकर उनका दिल टूट गया।
उन्होंने एक वीडियो संदेश में कहा, "क्या कहूं... खाकी वर्दी पहनने वालों ने जिसके कहने पर भी बच्चों को पीटा, उसने क्रूरता की हद दिखा दी। प्रकृति उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।"
रघुबीर यादव ने कहा, " मैं इन बच्चों को सलाम करता हूं। मैं आपके साथ हूं और आपने जो हिम्मत दिखाई है, अंततः जीत आपकी ही होगी।"
वरिष्ठ अभिनेत्री शबाना आजमी फिल्म उद्योग की उन हस्तियों में शामिल हैं, जिन्होंने न केवल छात्रों के आंदोलन का समर्थन किया, बल्कि जंतर-मंतर पहुंचकर उनके साथ भी खड़ी हुईं।
उनके समकालीन अभिनेता नसीरुद्दीन शाह ने एक वीडियो जारी कर सरकार की आलोचना की और देश के युवाओं पर अपना भरोसा जताया। उनकी पत्नी एवं अभिनेत्री रत्ना पाठक शाह ने भी जवाबदेही की मांग कर रहे छात्रों की सराहना की।
नसीरुद्दीन शाह ने कहा, "इस समय मेरा दिल दुखी है और गुस्से से भरा हुआ है। हमारे बच्चों के साथ जिस तरह अन्याय किया जा रहा है, उसे देखकर दर्द होता है। नकाब पहनकर लाठियां लिए ये लोग मुझे अमेरिका की आईसीई एजेंसी की याद दिलाते हैं।"
उन्होंने छात्रों से कहा, "हिम्मत मत हारो। बहुत से लोगों की सहानुभूति और समर्थन आपके साथ है। लड़ाई जारी रखो।"
वहीं, सरकार से उन्होंने कहा, "सब याद रखा जाएगा।"
उधर, गायक-अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने भी सोमवार को हुई झड़पों के बाद कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की।
दिलजीत दोसांझ ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर पंजाबी में लिखा, "आज जो हुआ, वह बिल्कुल गलत था। छात्रों के साथ ऐसा व्यवहार नहीं होना चाहिए था। मैं प्रशासन से अपील करता हूं कि वह छात्रों की मांगें सुने। जनता की आवाज ही भगवान की आवाज होती है।"
फिल्मकार इम्तियाज अली ने विरोध-प्रदर्शनों से जुड़े लेख और तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, "अपने भविष्य के लिए हमें बस उसकी आवाज सुननी है।
फिल्मकार अनुराग कश्यप और विक्रमादित्य मोटवाने भी जवाबदेही की मांग कर रहे छात्रों के समर्थन में खुलकर सामने आए।
मुंबई में भी कॉजपा के नेतृत्व में चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में प्रदर्शन हुए। अभिनेता इमरान खान, अलाया एफ, रैपर रफ्तार और गायक अनुज जैन प्रदर्शन में शामिल हुए।
फिल्म 'धुरंधर' के गीत 'शरारत' से चर्चित आयशा खान को बुधवार को दादर में प्रदर्शन में शामिल होने के दौरान मुंबई पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
नसीरुद्दीन शाह के बेटे विवान शाह भी दादर के शिवाजी पार्क में प्रदर्शन में शामिल हुए।
उन्होंने प्रदर्शन का वीडियो साझा करते हुए कैप्शन लिखा, "आजादी"।
इससे पहले सोनाक्षी सिन्हा, प्रतिभा रांटा, अनमोल पराशर, राजकुमार राव, रैपर हनुमैनकाइंड, सीमा पाहवा, जोया अख्तर, ऋचा चड्ढा और स्वरा भास्कर भी छात्रों के समर्थन में अपनी बात रख चुके हैं। हुमा कुरैशी जंतर-मंतर के प्रदर्शन स्थल पर नजर आईं, जबकि दक्षिण भारतीय सिनेमा से रेवती, टोविनो थॉमस, विजय सेतुपति और निर्देशक पा. रंजीत सहित कई कलाकारों ने आंदोलन के समर्थन में पोस्ट साझा किए। अहमदाबाद में गुजराती फिल्म एवं रंगमंच की अभिनेत्री जिग्ना व्यास ने गुजरात विश्वविद्यालय के बाहर छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन में हिस्सा लिया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें और कई छात्र नेताओं को हिरासत में ले लिया।
भाषा
राखी रंजन
रंजन
2307 2015 दिल्ली