महिला से छेड़छाड़ का विरोध करने पर व्यक्ति की चाकू घोंपकर हत्या
नेत्रपाल
- 29 Jul 2026, 09:47 PM
- Updated: 09:47 PM
नयी दिल्ली, 29 जुलाई (भाषा) उत्तर पश्चिमी दिल्ली के भारत नगर स्थित एक पार्क में 26 वर्षीय महिला से छेड़छाड़ का विरोध करने पर व्यक्ति की कथित तौर पर चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर एक नाबालिग को पकड़ा गया है, जबकि घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास जारी है।
अधिकारियों ने बताया कि इस हमले में महिला भी चाकू लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पार्क में बैठे पुरुष और महिला के पास चार से पांच युवक पहुंचे और उन्होंने कथित तौर पर महिला से छेड़छाड़ शुरू कर दी। जब पुरुष ने विरोध किया, तो उन्होंने दोनों पर चाकुओं से हमला कर दिया और मौके से भाग गए।
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के मैनपुरी निवासी सुनील के रूप में हुई है। जहांगीरपुरी निवासी महिला देवकी के फेफड़े में चोट लगने की आशंका के चलने उसे उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, अशोक विहार के खिम्मन सिंह पार्क में चाकूबाजी की घटना के संबंध में अपराह्न करीब 3:33 बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को सूचना मिली।
पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और पाया कि विवाहित महिला देवकी तथा सुनील पर हमला किया गया था। दोनों को दीपचंद बंधु अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सुनील को मृत घोषित कर दिया।
देवकी ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि जब वे पार्क में थे तब चार-पांच अज्ञात लोग उनके पास आए। किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जिसके बाद एक हमलावर ने उन दोनों पर चाकू से वार कर दिया और फिर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि हमलावरों ने महिला से कथित तौर पर छेड़छाड़ की और जब पुरुष ने विरोध किया तो दोनों पर हमला कर दिया गया। हालांकि, पुलिस ने कहा कि घटनाक्रम और हमले के पीछे के सटीक कारण की जांच की जा रही है।
दीपचंद बंधु अस्पताल के एक वरिष्ठ चिकित्सक ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि दोनों पर चाकू से वार किया गया।
चिकित्सक ने कहा, ''पुरुष के शरीर पर चाकू के वार के चार घाव थे और उसे मृत घोषित कर दिया गया। महिला को दो जगह चाकू लगा है और फेफड़े में संभावित चोट के कारण अच्छे इलाज के लिए उसे उच्च केंद्र रेफर कर दिया गया।''
डॉक्टर के अनुसार, सुनील के चेहरे पर चाकू का एक, छाती पर दो और कमर के पास एक घाव था।
उन्होंने कहा, ''महिला की पीठ के ऊपरी हिस्से पर चाकू का एक और निचले हिस्से पर एक घाव है।"
पुलिस ने कहा कि मौके से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया।
जांचकर्ता हमलावरों की पहचान करने और घटना की कड़ियों को जोड़ने के लिए आसपास के इलाकों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि अन्य आरोपी फरार हैं और उनका पता लगाने व उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीम गठित की गई हैं।
इस बीच, पार्क के एक सुरक्षा गार्ड ने बताया कि महिला की मदद की पुकार सुनकर वह पीड़ितों की ओर भागा।
सुरक्षा गार्ड मनदीप ने 'पीटीआई-भाषा' से कहा, ''मैं वहां चक्कर लगा रहा था जब मैंने एक महिला को मदद के लिए चिल्लाते हुए सुना। मैं तुरंत मौके पर पहुंचा और दो लोगों को जमीन पर पड़ा देखा। महिला होश में थी, लेकिन पुरुष बेहोश था।''
उन्होंने कहा, ''मैंने एक ई-रिक्शा की व्यवस्था की और उन्हें पास के अस्पताल पहुंचाया। मैंने पुलिस को भी सूचित किया।''
भाषा नोमान नोमान नेत्रपाल
नेत्रपाल
2907 2147 दिल्ली