सफाई कर्मचारियों के बंद के आह्वान पर पंजाब के कई हिस्सों में बाजार बंद रहे
सिम्मी
- 30 Jul 2026, 12:59 PM
- Updated: 12:59 PM
चंडीगढ़/होशियारपुर, 30 जुलाई (भाषा) पंजाब के बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर लाठीचार्ज के विरोध में स्वच्छता कर्मियों द्वारा बृहस्पतिवार को बुलाए गए पंजाब बंद के कारण राज्य के कई हिस्सों में बाजार और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे।
सफाई कर्मचारियों ने राज्य सरकार के खिलाफ विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शन भी किए और लाठीचार्ज की घटना में शामिल पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
बरनाला में 22 जुलाई को पुलिस ने सफाई कर्मचारियों पर लाठीचार्ज किया था। पुलिस का आरोप है कि सफाई कर्मचारियों ने स्थानीय नगर निगम और जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान को विफल करने के प्रयास में पुलिस पर पथराव किया और कचरे की थैलियां फेंकी थी।
बंद के कारण पंजाब के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित रहा क्योंकि लगभग सभी दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर ताला लगा रहा। हालांकि, अस्पताल, दवा दुकानें, एंबुलेंस सेवाएं और अन्य आपातकालीन सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होती रहीं।
बंद के आह्वान के कारण बरनाला, होशियारपुर, संगरूर, तरनतारन और पटियाला जिले के समाना समेत कई शहरों के प्रमुख बाजार बंद रहे।
होशियारपुर में 'म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन सफाई कर्मचारी यूनियन' के अध्यक्ष करनजोत अडिया के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिला कर्मचारियों सहित यूनियन के सदस्य नगर निगम परिसर में एकत्र हुए। इसके बाद उन्होंने दोपहिया वाहनों पर सवार होकर शहर के प्रमुख बाजारों से विरोध मार्च निकाला।
प्रदर्शनकारियों ने काले झंडे और झाडू हाथ में ले रखे थे, काली पट्टियां बांध रखी थीं और उन्होंने पंजाब सरकार के खिलाफ नारे लगाए।
यूनियन नेताओं ने लाठीचार्ज में कथित रूप से शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की अपनी मांग दोहराई। उन्होंने निलंबित पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) को सेवा से बर्खास्त करने, उनके खिलाफ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करने के साथ-साथ नगर निगम कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांगों को पूरा करने की मांग की।
पंजाब बंद का आह्वान सफाई कर्मचारियों ने किया था, जिसे विभिन्न कर्मचारी संगठनों और दलित संगठनों का समर्थन प्राप्त है।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए होशियारपुर शहर में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।
पंजाब के अन्य हिस्सों में भी इसी तरह के विरोध प्रदर्शन देखने को मिले।
बरनाला में एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि उनके बंद के आह्वान को लोगों का व्यापक समर्थन मिल रहा है। उसने कहा, ''व्यापारी वर्ग हमारा समर्थन कर रहा है। हर कोई हमारे साथ है।''
उसने बरनाला लाठीचार्ज मामले में दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का दावा है कि पुलिस कार्रवाई में उनके कई साथी घायल हुए हैं।
इस घटना के बाद से पंजाब भर में सफाई कर्मचारियों और कर्मचारी संगठनों द्वारा लगातार विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं।
विपक्षी दलों और कर्मचारी संगठनों द्वारा पुलिस कार्रवाई की आलोचना किए जाने के बाद पंजाब पुलिस ने 24 जुलाई को बरनाला के पुलिस उपाधीक्षक सतवीर सिंह को निलंबित कर दिया था।
मामले की जांच के लिए राज्य सरकार ने एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का भी गठन किया है।
भाषा गोला सिम्मी
सिम्मी
3007 1259 चंडीगढ़/होशियारपुर