नीट-पीजी 2026 : उम्मीदवारों को घर के पास मिलेंगे परीक्षा केंद्र, प्रश्नों के लिए मिलेगा अधिक समय
देवेंद्र
- 01 Aug 2026, 10:43 PM
- Updated: 10:43 PM
नयी दिल्ली, एक अगस्त (भाषा) सरकार ने नीट-पीजी परीक्षा के लिए कई बदलाव किए जा रहे हैं, जिसके तहत परीक्षा केंद्रों के विकल्पों का दायरा बढ़ाया जाएगा, अभ्यर्थियों को परीक्षा वाले शहरों तक यात्रा की योजना बनाने के लिए ज्यादा समय दिया जाएगा और परीक्षा में हर सवाल के लिए ज्यादा समय मिलेगा।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इन सुधारों का मकसद राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-परास्नातक (नीट-पीजी) के उम्मीदवारों के लिए प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक बनाना है।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ''प्रश्न पत्र तैयार करने और उसे पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया को कई स्तरों पर मजबूत किया गया है।''
राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान परीक्षा बोर्ड (एनबीईएमएस) ने किसी अभ्यर्थी के स्थान पर किसी अन्य के परीक्षा देने, दलाली और अन्य अनुचित गतिविधियों की रिपोर्ट करने के लिए एक खास ईमेल भी शुरू किया है। साथ ही, उम्मीदवारों में जागरूकता और सतर्कता बढ़ाने के लिए नियमित रूप से सलाह भी जारी की जा रही है।
मंत्रालय ने बताया कि नयी व्यवस्था के तहत, अभ्यर्थी अपने परीक्षा केंद्र के लिए तीन राज्यों का विकल्प चुन सकेंगे। इसमें संबंधित राज्य को पहली प्राथमिकता के तौर पर चुनना अनिवार्य होगा, ताकि उन्हें उनके निवास स्थान के पास केंद्र आवंटित किया जा सके।
एक सूत्र ने बताया कि पहले परीक्षा केंद्र के शहर 'पहले आओ-पहले पाओ' के आधार पर आवंटित किए जाते थे, जिससे उम्मीदवार पंजीकरण खिड़की खुलते ही अपने आवेदन जमा करने की जल्दी करते थे। जो लोग देर करते थे, उन्हें अक्सर आस-पास के सभी परीक्षा केंद्र विकल्प भरे हुए मिलते थे, जिससे उन्हें परीक्षा देने के लिए दूसरे राज्यों में जाना पड़ता था।
एक और अहम बदलाव के तहत, उम्मीदवारों को 30 अगस्त को होने वाली परीक्षा से लगभग तीन सप्ताह पहले उनके आवंटित परीक्षा शहर के बारे में जानकारी दी जाएगी, जिससे उन्हें यात्रा और रहने की व्यवस्था करने के लिए ज्यादा समय मिल सके।
मंत्रालय ने कहा कि एनबीईएमएस ने परीक्षा के पैटर्न को भी तर्कसंगत बनाया है, जिसके तहत 210 मिनट में 180 सवालों के जवाब देने होंगे। इससे परीक्षा की कुल अवधि वही रहते हुए उम्मीदवारों को हर सवाल के लिए ज्यादा समय मिल सकेगा।
पहले परीक्षा में 200 बहु-विकल्पीय प्रश्न होते थे।
मंत्रालय ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया की विश्वसनीयता को मजबूत करने के लिए आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा के दिन, दोनों ही समय आधार-आधारित प्रमाणीकरण की व्यवस्था शुरू की गई है।
मंत्रालय ने कहा कि जहां भी फिंगरप्रिंट प्रमाणीकरण सफल नहीं होगा, वहां आइरिस-आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन का इस्तेमाल किया जाएगा।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने शनिवार को नीट-पीजी 2026 की तैयारियों की समीक्षा की और सभी एजेंसियों को निर्देश दिया कि परीक्षा सुचारू, सुरक्षित, पारदर्शी और तकनीक-सक्षम तरीके से आयोजित की जाए।
नीट-पीजी 2026 के लिए कुल 2,73,183 उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया है , जो पिछले साल की तुलना में 12.5 प्रतिशत से अधिक है। यह परीक्षा लगभग 340 शहरों और 1,300 से ज्यादा परीक्षा केंद्रों पर एक ही पाली में आयोजित की जाएगी।
भाषा शफीक देवेंद्र
देवेंद्र
0108 2243 दिल्ली