हरिद्वार में कांवड़ियों पर हुई पुष्पवर्षा, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पैर धोकर किया उनका स्वागत
राजकुमार
- 04 Aug 2026, 08:26 PM
- Updated: 08:26 PM
हरिद्वार, चार अगस्त (भाषा) हरिद्वार में चल रही कांवड़ यात्रा के दौरान मंगलवार को शिवभक्त कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गयी तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनके पैर धोकर उत्तराखंड आगमन पर उनका स्वागत और सम्मान किया।
हर साल होने वाली इस यात्रा में सैकड़ों किलोमीटर की दूरी तय कर कांवड़िए हरिद्वार पहुंचते हैं और वहां से गंगा जल लेकर उससे अपने गांव या घर के शिवालय में भगवान शिव का अभिषेक करते हैं। यह यात्रा 30 जुलाई को शुरू हुई थी जो 11अगस्त तक चलेगी ।
कांवड़ यात्रा के बीच मुख्यमंत्री हरिद्वार पंहुचे । यहां हर की पौड़ी से लेकर नगर में पूरे कांवड़ यात्रा मार्ग पर हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया गया ।
बाद में, अलकनंदा होटल परिसर में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री ने कांवड़ियों के चरण धोकर उनका सम्मान किया । उन्होंने कांवड़ियों को माला पहनाई और उन्हें फल प्रदान किए। उन्होंने उन्हें अपने हाथों से भोजन भी परोसा।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने मीडिया से बात करते हुए भगवान शिव के भक्तों की सेवा और सम्मान को अपना सौभाग्य बताया तथा कहा कि कांवड़ यात्रा बहुत पवित्र पौराणिक और लंबी दूरी की कठिन यात्रा है।
उन्होंने कहा कि कांवड़िये सैकड़ों किलोमीटर की पैदल यात्रा करके पवित्र गंगा जल लेने यहां आते है और फिर यहां से पैदल यात्रा करते हुए अपने गंतव्य पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं।
उन्होंने कहा,''यह हमारे लिए गर्व की बात है कि हम उनका पैर धोकर स्वागत सम्मान कर रहे है। हम भगवान शिव से शिव भक्तों की सुरक्षित, सुगम यात्रा की कामना करते हैं।''
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष अब तक एक करोड़ से अधिक शिवभक्त गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान कर चुके हैं।
कुछ कांवड़ियों द्वारा कथित रूप से हंगामा, तोड़फोड़ एवं मारपीट किए जाने के बारे में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह से भगवान शिव ने जनकल्याण के लिए स्वयं विषपान किया था, उसी प्रकार शिवभक्त भी उनसे जनकल्याण की प्रेरणा लें।
उन्होंने कहा, ''हम लगातार कांवड़ यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन एवं अन्य संस्थाओं के साथ मिलकर काम कर रहे है और इंतजाम कर रहे हैं।''
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए यात्रा मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन निगरानी, एंबुलेंस सेवाएं, स्वास्थ्य शिविर और आपातकालीन सहायता जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
इस मौके पर धामी ने कांवड़ यात्रियों के लिए मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा शिविर का भी उद्घाटन किया। उन्होंने शिविर में उपलब्ध चिकित्सकीय सुविधाओं को देखा और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
उन्होंने कांवड़ यात्रा के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पांच पुलिसकर्मियों तथा पांच पर्यावरण मित्रों को भी सम्मानित किया।
धामी ने कहा कि यह सम्मान केवल कुछ व्यक्तियों का नहीं, बल्कि उन सभी कर्मयोगियों के प्रति राज्य की कृतज्ञता का प्रतीक है, जो यात्रा के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में दिन-रात जुटे हुए हैं ।
भाषा सं दीप्ति
राजकुमार
राजकुमार
0408 2026 हरिद्वार