अभिनेता प्रदीप रावत का अंतिम संस्कार आज होगा
सिम्मी
- 05 Aug 2026, 02:19 PM
- Updated: 02:19 PM
मुंबई, पांच अगस्त (भाषा) 'सरफरोश', 'लगान' और 'गजनी' जैसी लोकप्रिय हिंदी फिल्मों में दमदार अभियान के लिए पहचाने जाने वाले अभिनेता प्रदीप रावत का अंतिम संस्कार बुधवार यानी आज शाम यहां किया जाएगा।
कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद रावत का मंगलवार को मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया था। वह 74 वर्ष के थे।
हिंदी फिल्मों के साथ-साथ उन्होंने दक्षिण भारतीय सिनेमा और टेलीविजन धारावाहिकों से भी पहचान बनायी।
रावत के मित्र और अभिनेता दया शंकर पांडेय ने 'पीटीआई-भाषा' से कहा, ''दक्षिण भारतीय फिल्म उद्योग में उनकी पहचान अमरीश पुरी जैसी थी। उन्होंने 400 से अधिक फिल्मों में काम किया था। प्रदीप का व्यक्तित्व बेहद प्रभावशाली था।''
फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर प्रदीप रावत के अंतिम संस्कार की जानकारी दी और उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।
उन्होंने लिखा, ''हमारे प्रिय मित्र, शानदार अभिनेता और बेहतरीन इंसान प्रदीप रावत के कैंसर के कारण निधन की खबर से बेहद दुखी और स्तब्ध हूं। यह फिल्म उद्योग के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके परिवार और करीबियों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।''
उन्होंने कहा, ''आज शाम चार बजे तक उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए गोरेगांव पश्चिम स्थित बी-विंग, पी-3, इम्पीरियल हाइट्स में रखा जाएगा। इसके बाद शाम चार बजे उनका पार्थिव शरीर जोगेश्वरी पश्चिम में एस.वी. रोड स्थित ओशिवारा पुल के पास अंतिम संस्कार के लिए ले जाया जाएगा।''
प्रदीप रावत को पहली बड़ी पहचान धारावाहिक 'महाभारत' में अश्वत्थामा की भूमिका निभाकर मिली। इसके बाद उन्होंने 'तहकीकात', 'चंद्रकांता' और 'युग' जैसे लोकप्रिय टीवी धारावाहिकों में भी अभिनय किया। उनकी प्रमुख हिंदी फिल्मों में 'अग्निपथ', 'मेरी जंग', 'सरफरोश', 'द हीरो: लव स्टोरी ऑफ ए स्पाई' और 'छावा' शामिल हैं।
दक्षिण भारतीय सिनेमा में प्रदीप रावत को विशेष रूप से खलनायक की भूमिकाओं के लिए सराहा गया। 'साई', 'मंगला' और 'नायक' जैसी फिल्मों में खलनायक के रूप में उनके किरदारों को काफी प्रशंसा मिली।
उन्होंने सूर्या अभिनीत तमिल फिल्म 'गजनी' में भी खलनायक की भूमिका निभायी और बाद में आमिर खान अभिनीत इसके हिंदी रीमेक 'गजनी' में भी यही किरदार निभाया।
भाषा गोला सिम्मी
सिम्मी
0508 1419 मुंबई