प्रयागराज के 'केपी ग्राउंड' में राहुल गांधी 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के तहत संवाद करेंगे:अजय राय
संतोष
- 06 Aug 2026, 06:35 PM
- Updated: 06:35 PM
प्रयागराज, छह अगस्त (भाषा) प्रयागराज के 'केपी ग्राउंड' में आठ अगस्त को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम की अनुमति केपी ट्रस्ट द्वारा रद्द किए जाने के बावजूद पार्टी उसी स्थान पर राहुल गांधी का छात्रों के साथ एक संवाद कार्यक्रम आयोजित करेगी।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा, ''हमने जिला प्रशासन से कार्यक्रम की अनुमति के संबंध में बात की जिस पर जिला प्रशासन ने सहयोग का आश्वासन दिया है। हम उसी स्थल (केपी ग्राउंड) पर यह कार्यक्रम करेंगे।''
राय ने बृहस्पतिवार को यहां लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे का कार्यक्रम जारी किया जिसके मुताबिक, राहुल आठ अगस्त को एक विशेष विमान से दोपहर दो बजे दिल्ली से प्रयागराज के लिए रवाना होंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार ने राहुल गांधी का प्रयागराज कार्यक्रम रद्द करने के लिए केपी ट्रस्ट पर दबाव बनाया और कहा कि सरकार राहुल गांधी से घबरा गई है।
वहीं, इन आरोपों के जवाब में शहर पश्चिमी से भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा, ''यह अनुमति को लेकर एक निजी संस्था और कांग्रेस के बीच का मामला है। इसमें सरकार कहां से आ गई। यदि कांग्रेस के पास इस बात का कोई लिखित या मौखिक साक्ष्य है कि सरकार ने राहुल का कार्यक्रम रद्द कराया, तो कांग्रेस उसे दिखाए।"
कार्यक्रम की अनुमति के संबंध में जिला मजिस्ट्रेट से संपर्क करने का 'पीटीआई- भाषा' की ओर से प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।
राय द्वारा जारी कार्यक्रम के मुताबिक, राहुल गांधी साढ़े तीन बजे प्रयागराज हवाई अड्डा से सड़क मार्ग से आनंद भवन जाएंगे और शाम छह बजे से साढ़े आठ बजे तक केपी ग्राउंड में 'छात्रों की गूंज' नाम से उनका छात्रों के साथ संवाद कार्यक्रम होगा।
राय ने बताया कि राहुल गांधी साढ़े आठ बजे केपी ग्राउंड से प्रयागराज हवाई अड्डा के लिए रवाना होंगे और साढ़े नौ बजे विशेष विमान से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
उल्लेखनीय है कि बुधवार को केपी ट्रस्ट के कार्यवाहक अध्यक्ष जितेंद्र नाथ चौधरी ने कहा था, "केपी कॉलेज के खिलाफ इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने 14 अगस्त, 2025 को आदेश पारित किया था जिसमें केपी कॉलेज के ग्राउंड को खेल-कूद एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के अलावा किसी अन्य कार्य के लिए नहीं देने को कहा गया था।"
उन्होंने कहा था कि इसके अलावा केपी ग्राउंड में बारिश का पानी भरा हुआ है जिससे इस तरह का आयोजन जोखिम भरा हो सकता है। कांग्रेस को अनुमति इस शर्त के साथ दी गई थी कि वह इस आयोजन के लिए जिला मजिस्ट्रेट की अनुमति प्राप्त करेगी, लेकिन अभी तक जिला मजिस्ट्रेट की अनुमति नहीं प्राप्त की गई है।
चौधरी ने कहा था कि इन कारणों से कांग्रेस को आगामी आठ अगस्त को कार्यक्रम आयोजित करने के लिए दी गई अनुमति रद्द की गई है।
भाषा राजेंद्र संतोष
संतोष
0608 1835 प्रयागराज