ड्रोन हमले के बाद लापता भारतीय नाविकों का अब तक कुछ पता नहीं: सरकार
नरेश
- 07 Aug 2026, 07:28 PM
- Updated: 07:28 PM
नयी दिल्ली, सात अगस्त (भाषा) केंद्र सरकार ने शुक्रवार को उच्चतम न्यायालय को बताया कि यूक्रेन के निकट काला सागर में एक मालवाहक जहाज पर ड्रोन हमले के बाद लापता हुए दो भारतीय नाविकों का व्यापक खोज एवं बचाव अभियान के बावजूद अब तक पता नहीं चल सका है।
प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहन की पीठ को सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने बताया कि खोज एवं बचाव अभियान यूक्रेन के अधिकारियों, रोमानिया के 'मैरीटाइम रेस्क्यू कोऑर्डिनेशन सेंटर' (एमआरसीसी), रोमानियाई तटरक्षक बल और अन्य संबंधित बचाव एजेंसियों ने चलाया।
पीठ ने विदेश मंत्रालय की ओर से दाखिल कार्रवाई रिपोर्ट का संज्ञान लिया।
पीठ ने कहा कि पांच अगस्त तक उपलब्ध जानकारी के अनुसार, व्यापक खोज अभियान के बावजूद दीपक कुमार गुप्ता और रामा चंद्र का अब तक कोई पता नहीं चल सका।
पीठ ने आदेश में कहा, ''कार्रवाई रिपोर्ट में बताया गया कि फिलहाल कोई नई सूचना नहीं मिलने के कारण खोज अभियान स्थगित है। हालांकि, नौवहन महानिदेशालय (डीजीएमए) लंबित जांच और खोज एवं बचाव संबंधी सभी रिपोर्टों पर लगातार नजर बनाए हुए है तथा सभी संबंधित पक्षों के संपर्क में है।''
पीठ ने केंद्र सरकार को लापता नाविकों के परिजनों के बीमा दावों के निपटान में आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उच्चतम न्यायालय दीपक कुमार गुप्ता के बड़े भाई संदीप कुमार गुप्ता की याचिका पर सुनवाई कर रहा था।
याचिका में विदेश मंत्रालय को यूक्रेन और रोमानिया स्थित भारतीय दूतावासों के साथ समन्वय कर खोज एवं बचाव अभियान चलाने का निर्देश देने का अनुरोध किया गया है।
याचिकाकर्ता ने कहा कि उनके परिवार ने भारत सरकार, यूक्रेन और रोमानिया स्थित भारतीय दूतावासों से लगातार अनुरोध किए लेकिन उनकी अपील पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उन्हें उच्चतम न्यायालय का रुख करना पड़ा।
याचिका में बताया गया कि परिवार ने 26 जुलाई से 30 जुलाई के बीच विदेश मंत्रालय, यूक्रेन और रोमानिया स्थित भारतीय दूतावासों को कई पत्र भेजे लेकिन उनके अभ्यावेदनों पर न तो कोई जवाब मिला व न ही किसी तरह का सकारात्मक आश्वासन दिया गया।
याचिका के अनुसार, भारतीय चालक दल के सदस्यों को लेकर जा रहे मालवाहक जहाज पर यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह के निकट हमला हुआ था जिसके बाद 22 वर्षीय दीपक कुमार गुप्ता लापता हो गए थे।
भाषा जितेंद्र नरेश
नरेश
0708 1928 दिल्ली