राजस्थान: शिक्षकों की कमी से परेशान विद्यार्थियों ने विरोध प्रदर्शन किया
जोहेब
- 07 Aug 2026, 08:00 PM
- Updated: 08:00 PM
जयपुर, सात अगस्त (भाषा) राजस्थान के जोधपुर जिले के एक सरकारी विद्यालय में शिक्षकों की कथित कमी से परेशान छात्र छात्राओं ने स्कूल के मुख्य दरवाजे पर ताला लगा दिया और विरोध प्रदर्शन किया।
वहीं अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर किए गए इन दावों को खारिज कर दिया कि इस स्कूल में चपरासी छात्रों को पढ़ा रहे हैं।
मामला जोधपुर जिले के लूणी क्षेत्र में स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का है। विद्यार्थियों का आरोप है कि शिक्षकों की कमी से उनकी पढ़ाई पर असर पड़ रहा है।
नाराज़ छात्रों ने बृहस्पतिवार को स्कूल परिसर का मुख्य दरवाजा बंद कर दिया और बाहर धरने पर बैठ गए जिससे कुछ समय के लिए पढ़ाई प्रभावित हुई।
मामला तब चर्चा में आया जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें दावा किया गया था कि स्कूल में 'चपरासी' छात्रों को पढ़ा रहे हैं। कुछ पोस्ट में एक छात्र का कथित बयान भी था जिसने आरोप लगाया गया था कि गैर-शिक्षण कर्मचारी कक्षाएं ले रहे हैं।
हालांकि, संयुक्त निदेशक (स्कूल शिक्षा) हिम्मत सिंह तंवर ने इस दावे को "पूरी तरह से गलत" बताते हुए खारिज कर दिया।
तंवर ने कहा, "हाल ही में स्कूल में केवल एक चपरासी की नियुक्ति की गई है। वीडियो सामने आने के बाद, इस मामले में और चपरासी के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है।"
उन्होंने कहा कि शिक्षकों के स्वीकृत और खाली पदों के बारे में जानकारी फिलहाल उपलब्ध नहीं है।
इस बीच, यह मामला स्थानीय अधिकारियों और राजस्थान के संसदीय कार्य एवं कानून मंत्री जोगाराम पटेल तक पहुंचा जिन्होंने अधिकारियों को मौके पर जाने का निर्देश दिया। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों, स्कूल प्रबंधन, ग्रामीणों और छात्रों के बीच बातचीत हुई, जिसके बाद छात्रों ने विरोध प्रदर्शन खत्म कर दिया और स्कूल का दरवाजा खोल दिया।
नायब तहसीलदार भंवरलाल बिश्नोई ने बताया कि आपसी समझ से मामला सुलझा लिया गया और लिखित समझौता हुआ है।
अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए जल्द ही वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी।
समझौते के तहत प्रतिनियुक्ति या अन्य तरीकों से विद्यालय में एक गणित शिक्षक, दो व्याख्याता और एक हिंदी शिक्षक की व्यवस्था की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि आश्वासन मिलने के बाद स्कूल में कक्षाएं सामान्य रूप से फिर से शुरू हो गईं।
भाषा पृथ्वी जोहेब
जोहेब
0708 2000 जयपुर