सरकार ने मादक पदार्थ मामले में गिरफ्तारी रिपोर्ट हटाने के लिए हस्तक्षेप किया: विजयन
नरेश
- 12 Aug 2026, 04:39 PM
- Updated: 04:39 PM
तिरुवनंतपुरम, 12 अगस्त (भाषा) केरल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष पिनराई विजयन ने आरोप लगाया कि संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार ने मादक पदार्थ के एक मामले में गिरफ्तार किए गए उस व्यक्ति से जुड़ी खबरों को सोशल मीडिया से हटवाने के लिए हस्तक्षेप किया जिसने कथित तौर पर खुद को केरल के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन का सोशल मीडिया समन्वयक बताया था।
विजयन के अनुसार, गिरफ्तारी से संबंधित पोस्ट और खबरें फेसबुक समेत सोशल मीडिया मंच से हटाई जा रही हैं और सरकार ने यह सुनिश्चित करने के लिए हस्तक्षेप किया कि खबर ऑनलाइन उपलब्ध नहीं रहे।
उन्होंने इस 'पाबंदी' को 'अधिनायकवादी' करार देते हुए सरकार से स्पष्टीकरण मांगा। उन्होंने दावा किया कि यूडीएफ सरकार की कार्रवाई केंद्र सरकार की कार्रवाइयों के समान है जिसकी सोशल मीडिया सामग्री को प्रतिबंधित करने के लिए मेटा के कथित दुरुपयोग को लेकर आलोचना हो रही है।
जंतर-मंतर पर हुए युवाओं के विरोध प्रदर्शन का जिक्र करते हुए विजयन ने कहा कि फेसबुक और इंस्टाग्राम ने आंदोलन से संबंधित पोस्ट और रीलों पर प्रतिबंध लगा दिया है, जो कथित तौर पर केंद्र के इशारे पर किया गया है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, ''यहां भी ऐसे ही कदम उठाए जा रहे हैं।''
विजयन ने दावा किया कि यूडीएफ सरकार को भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार से 'अप्रत्यक्ष मदद' मिल रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार खुद दावा कर रही है कि उसका नशा-विरोधी अभियान 'ऑपरेशन तूफान' अच्छी तरह से चल रहा है, लेकिन अब कथित तौर पर इस अभियान के तहत हुई एक गिरफ्तारी की खबर को दबा रही है।
विजयन ने आरोप लगाया, ''एक तथ्यात्मक खबर को इस तरह से हटाया नहीं जा सकता। इस मामले में सरकार का हस्तक्षेप है।''
उन्होंने कहा कि मुद्दा मंत्रियों और मादक पदार्थ के सौदागरों के बीच कथित संबंधों का नहीं है, बल्कि मादक पदार्थों के व्यापार में शामिल लोगों को कथित तौर पर दी जा रही सुरक्षा का है।
उनकी यह टिप्पणी माकपा द्वारा यह आरोप लगाने के एक दिन बाद आई है कि सतीशन का कार्यालय मादक पदार्थ के एक माफिया से जुड़ा हुआ है। यह आरोप मादक पदार्थ के एक मामले में उनके करीबी माने जाने वाले एक युवक की गिरफ्तारी के बाद लगाया गया है।
माकपा के राज्य सचिव एम वी गोविंदन ने मंगलवार को सतीशन के कथित सोशल मीडिया समन्वयक की मादक पदार्थ मामले में गिरफ्तारी की खबरों को 'चौंकाने वाला' बताया था।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता पिनराई विजयन ने बुधवार को इस बात पर जोर दिया कि लियोनेल मेस्सी और अर्जेंटीना की फुटबॉल टीम को राज्य में लाने के लिए पूर्व एलडीएफ सरकार द्वारा किए गए प्रयासों में कोई अनियमितता नहीं थी। विजयन ने कहा कि वर्तमान सरकार इस मामले की जांच करा सकती है।
विजयन ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में यूडीएफ सरकार द्वारा प्रस्ताव की जांच के आदेश दिए जाने की खबरों के बारे में पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए कहा, ''उन्हें जांच करने दीजिए। इससे हम पर कोई असर नहीं पड़ेगा।''
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रस्तावित दौरे के संबंध में कुछ प्रक्रियाओं का पालन किया गया था और पूर्व खेल मंत्री वी अब्दुरहीमान ने पहले ही इस मामले को स्पष्ट कर दिया था।
उन्होंने कहा, ''मैं स्पष्ट रूप से कह सकता हूं कि इस मामले में लगाए गए आरोपों के विपरीत कोई अनियमितता नहीं थी।"
विजयन ने यह भी आरोप लगाया कि वर्तमान यूडीएफ सरकार के सामने मौजूद विवादों से ध्यान हटाने के लिए इस मुद्दे को अब उठाया जा रहा है।
खेल मंत्री ओ जे जनीश ने बुधवार को अब्दुरहीमान द्वारा किए गए प्रस्ताव के बचाव को खारिज कर दिया और संकेत दिया कि जांच का आदेश दिया जा सकता है। जनीश ने आरोप लगाया कि एक निजी व्यक्ति को वित्तीय लाभ पहुंचाने के लिए सरकारी तंत्र का दुरुपयोग किया गया था।
भाषा संतोष नरेश
नरेश
1208 1639 तिरुवनंतपुरम