एनआईए कठपुतली के तौर पर काम कर रही है: टीएमसी सांसद सागरिका घोष
जोहेब आशीष
- 10 Apr 2024, 11:08 PM
- Updated: 11:08 PM
नयी दिल्ली, 10 अप्रैल (भाषा) तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद सागरिका घोष ने बुधवार को आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पश्चिम बंगाल में उनकी पार्टी को निशाना बनाने के लिए राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह पर संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) का मुद्दा उठाकर धर्म की राजनीति करने का आरोप लगाया।
शाह ने कहा है कि पश्चिम बंगाल सरकार 2022 के बम विस्फोट मामले में आरोपियों को बचाने की कोशिश कर रही है। उनके इस बयान के बारे में पूछे जाने पर घोष ने सवाल किया कि चुनाव के समय दो साल पुराने मामले में गिरफ्तारियां क्यों की जा रही हैं।
घोष ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, "तथ्य यह है कि यह 2022 का मामला है। दो साल बाद, जब आदर्श आचार संहिता लागू है, एनआईए तड़के तीन बजे एक गांव में घुसती है, घरों के दरवाजे खोलती है, महिलाओं को परेशान करती है, लोगों को डराने की कोशिश करती है और वहां रहने वाले टीएमसी के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को ले जाती है। घटना के दो साल बाद एनआईए क्यों जाग गई है?’’
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘एनआईए के एक अधिकारी ने 26 मार्च को आसनसोल के एक भाजपा सदस्य से मुलाकात की, जिन्होंने उनको टीएमसी पदाधिकारियों की एक सूची दी, जिनके खिलाफ एनआईए को कार्रवाई करना है। तथ्य यह है कि अमित शाह टीएमसी पर हमला करने के लिए एनआईए का इस्तेमाल कर रहे हैं। एनआईए भाजपा की कठपुतली के रूप में काम कर रही है।’’
घोष ने कहा, ‘‘भाजपा पश्चिम बंगाल में टीएमसी के खिलाफ हिसाब बराबर करने के लिए एनआईए का इस्तेमाल कर रही है। एनआईए भाजपा के पक्षपातपूर्ण एजेंडे का हिस्सा है। हम मांग कर रहे हैं कि एनआईए के प्रमुख को पद से हटाया जाए।’’
पश्चिम बंगाल के बालुरघाट में बुधवार को एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए शाह ने "भूपतिनगर बम विस्फोट मामले में दोषियों को बचाने की कोशिश" और एनआईए अधिकारियों के खिलाफ मामले दर्ज करने के लिए टीएमसी सरकार की आलोचना की।
उन्होंने कहा, "2022 में, भूपतिनगर में एक बम विस्फोट हुआ, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। विस्फोट के लिए जिम्मेदार लोगों को सलाखों के पीछे डाला जाना चाहिए। कलकत्ता उच्च न्यायालय के आदेश के बाद जब एनआईए ने इसकी जांच की, तो अपराधियों को बचाने के लिए ममता दीदी ने उनके (एनआईए) खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।’’
शाह ने आरोप लगाया था कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री सीएए को लेकर लोगों को "गुमराह" कर रही हैं। शाह की इस टिप्पणी पर पलटवार करते हुए घोष ने कहा कि गृह मंत्री धर्म की राजनीति में लिप्त हैं।
भाषा जोहेब