रुपया एक पैसे की गिरावट के साथ 83.52 प्रति डॉलर पर
राजेश राजेश अजय
- 13 May 2024, 07:47 PM
- Updated: 07:47 PM
मुंबई, 13 मई (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया सोमवार को एक पैसे की मामूली गिरावट के साथ 83.52 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। घरेलू शेयर बाजार में तेजी के रुख को डॉलर की मजबूती ने बेअसर कर दिया।
विदेशी मुद्रा व्यापारियों ने कहा कि विदेशी निवेशकों द्वारा डॉलर खरीदने और भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा अमेरिकी मुद्रा की बिकवाली करने के कारण डॉलर/रुपये की जोड़ी के थोड़े कमजोर पूर्वाग्रह के साथ सीमित दायरे में रहने की उम्मीद है।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपये में एक सीमित दायरे में कारोबार हुआ। रुपया 83.51 रुपये प्रति डॉलर पर खुला और कारोबार के दौरान 83.53 प्रति डॉलर के निचले स्तर को छूने के बाद कारोबार के अंत में अपने पिछले बंद भाव के मुकाबले एक पैसे की गिरावट के साथ 83.52 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
रुपया शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 83.51 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
शेयरखान बाय बीएनपी परिबा के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि मजबूत अमेरिकी डॉलर और घरेलू बाजारों में कमजोरी के कारण रुपया थोड़ा नकारात्मक पूर्वाग्रह के साथ कारोबार करेगा। एफआईआई द्वारा जारी बिकवाली से रुपये पर और दबाव पड़ सकता है। हालांकि, किसी भी बॉन्ड-संबंधी डॉलर प्रवाह से निचले स्तर पर रुपये को समर्थन मिल सकता है।’’
व्यापारी भारत के मुद्रास्फीति आंकड़ों से संकेत ले सकते हैं। इस सप्ताह अमेरिका से मुद्रास्फीति के आंकड़ों से पहले निवेशक सतर्क रह सकते हैं। चौधरी ने कहा, डॉलर-रुपये की हाजिर कीमत 83.30-83.80 रुपये के दायरे में रहने की उम्मीद है।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती को परखने वाला डॉलर सूचकांक 0.02 प्रतिशत की गिरावट के साथ 105.27 रह गया।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.12 प्रतिशत बढ़कर 82.89 डॉलर प्रति बैरल हो गया।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 111.66 अंक की बढ़त के साथ 72,776.13 अंक पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे और उन्होंने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 2,117.50 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
भाषा राजेश राजेश