केरल: स्थानीय निकाय चुनाव के दूसरे चरण में 75 प्रतिशत से अधिक मतदान
यासिर पवनेश
- 11 Dec 2025, 10:39 PM
- Updated: 10:39 PM
(फोटो के साथ)
तिरुवनंतपुरम, 11 दिसंबर (भाषा) केरल के सात जिलों में स्थानीय निकाय चुनाव के दूसरे चरण में बृहस्पतिवार को 75 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया है।
राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) के आंकड़ों के अनुसार, शाम सात बजे तक दूसरे चरण के मतदान में कुल 75.87 प्रतिशत मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया, जो पहले चरण में दर्ज किए गए 70.91 प्रतिशत से लगभग पांच प्रतिशत अधिक है।
यहां दोनों चरणों में कुल मिलाकर 73.57 प्रतिशत मतदान हुआ, जो कि 2020 के स्थानीय निकाय चुनावों में दर्ज किए गए 75.97 प्रतिशत मतदान से कम है
दोनों चरणों में कुल मिलाकर वायनाड जिले में सबसे अधिक 78.07 प्रतिशत मतदान हुआ।
त्रिशूर, पलक्कड़, कोझिकोड, मलप्पुरम, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों के 18,274 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ।
राजनीतिक दलों के नेताओं समेत सभी उम्र और पेशे के लोग सुबह से ही मतदान केंद्रों पर कतार में खड़े दिखे।
मुख्यमंत्री पिनराई विजयन अपने परिवार के साथ कन्नूर में मतदान करने पहुंचे।
अपना वोट डालने के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) की ऐतिहासिक जीत के प्रति विश्वास व्यक्त किया और कहा कि शबरिमला स्वर्ण क्षति का मुद्दा वाम मोर्चे की संभावनाओं को प्रभावित नहीं करेगा।
उन्होंने दावा किया कि सरकार ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई की है और अगर कोई और पार्टी सत्ता में होती तो ऐसे कदम नहीं उठाए जाते।
केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के प्रमुख सनी जोसेफ द्वारा विधायक राहुल ममकूटाथिल के खिलाफ यौन उत्पीड़न की दूसरी शिकायत के पीछे साजिश के दावों के संबंध में मुख्यमंत्री ने पार्टी में ‘‘यौन विकृतियों के एक आपराधिक गिरोह’’ की मौजूदगी का संकेत दिया।
विजयन ने कहा कि ऐसे लोग अपने पीड़ितों को धमकाते हैं ताकि वे सामने आकर अपनी बात न कह सकें।
वहीं, सादिक अली शिहाब थंगल, पी के कुन्हालीकुट्टी और एम के मुनीर जैसे इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के नेता स्थानीय निकाय चुनाव में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) की भारी जीत को लेकर आश्वस्त हैं। आईयूएमएल कांग्रेस की प्रमुख सहयोगी पार्टी है।
राज्य के तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पथनमथिट्टा, अलप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की और एर्नाकुलम जिलों में मतदान का पहला चरण नौ दिसंबर को लगभग 70 प्रतिशत मतदान के साथ संपन्न हुआ।
दोनों चरणों के मतदान के परिणाम 13 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे।
भाषा यासिर