जनकपुरी खुदाई स्थल पर सुरक्षा उपायों की कमी के कारण बाइक चालक की मौत हुई: दिल्ली पुलिस
पवनेश
- 13 Feb 2026, 09:06 PM
- Updated: 09:06 PM
(सक्षम कालिया)
नयी दिल्ली, 13 फरवरी (भाषा) दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को अदालत को बताया कि जनकपुरी में एक बाइक चालक की गड्ढे में गिरकर मौत के मामले में प्रारंभिक जांच में पता चला है कि डीजेबी ठेकेदार ने चेतावनी बोर्ड और अवरोधक जैसे कोई सुरक्षा उपाय नहीं अपनाए थे।
न्यायिक मजिस्ट्रेट हरजोत सिंह औजला के समक्ष ये बातें कहीं गईं, जिन्होंने मामले में जांच अधिकारी (आईओ) से वस्तु स्थिति रिपोर्ट दाखिल करने को कहा था।
रिपोर्ट में कहा गया, ''जांच के तहत सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की गई और सीसीटीवी कैमरों का विश्लेषण करने पर पता चला कि ठेकेदार और उसके मजदूरों द्वारा खुदाई स्थल के आसपास कोई एहतियाती उपाय (सावधानी बोर्ड, अवरोधक आदि) का पालन नहीं किया गया था, जिसके परिणामस्वरूप बाइक चालक गड्ढे में गिर गया और उसकी मौत हो गई।''
पांच-छह फरवरी की मध्यरात्रि को बैंक कर्मचारी कमल ध्यानी की पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी में दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) द्वारा खोदे गए 15 फुट गहरे गड्ढे में गिरकर मौत हो गई।
अपनी रिपोर्ट में जांच अधिकारी ने अदालत को बताया कि घटनास्थल पर दो सीसीटीवी कैमरे काम कर रहे थे और जांच के दौरान उनके फुटेज की जांच की गई थी।
घटना के संबंध में अब तक दो गिरफ्तारियां हो चुकी हैं, जबकि डीजेबी के तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है।
दिल्ली पुलिस ने एक उप-ठेकेदार राजेश प्रजापति और एक मजदूर, योगेश को गिरफ्तार किया है, जिन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
आईओ ने बताया कि मामले में गिरफ्तार मजदूर योगेश को घटना के बाद सड़क पर अवरोधक और पर्दे लगाकर घटनास्थल को कवर करते हुए सीसीटीवी फुटेज में देखा गया था।
जांच रिपोर्ट के मुताबिक, छह फरवरी को जनकपुरी थाने को सूचना मिली थी कि एक शख्स आंध्रा स्कूल के पास गड्ढे में गिर गया है। पुलिस मौके पर पहुंची और जोगिंदर सिंह मार्ग पर लाल साईं मार्ग की ओर डीजेबी द्वारा खोदे गए गड्ढे के अंदर एक व्यक्ति को मोटरसाइकिल के साथ अचेत पड़ा पाया।
रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया कि राजेश की निशानदेही पर जनकपुरी क्षेत्र में सीवर लाइन से संबंधित 27 जून, 2025 के कार्य आदेश की एक प्रति सहित दस्तावेज भी बरामद किए गए। पुलिस ने अदालत को सूचित किया कि, डीजेबी से मिली जानकारी के अनुसार, जनकपुरी में सीवर लाइन से संबंधित ठेका 9 अक्टूबर, 2025 को दिया गया था।
भाषा आशीष पवनेश
पवनेश
1302 2106 दिल्ली