लखीमपुर खीरी में रसोई गैस केंद्रों पर अफरा-तफरी
खारी
- 11 Mar 2026, 03:00 PM
- Updated: 03:00 PM
लखीमपुर खीरी (उप्र), 11 मार्च (भाषा) अमेरिका-इजराइल और ईरान के मध्य जारी संघर्ष कारण रसोई गैस की आपूर्ति प्रभावित होने की अफवाहों के बीच लखीमपुर खीरी जिले में विभिन्न गैस एजेंसियों पर अफरा-तफरी मच गई।
हालांकि, जिले के अधिकारियों ने घरेलू गैस सिलेंडर की किसी भी कमी से इनकार करते हुए कहा कि जिले में गैस की आपूर्ति सामान्य है।
लखीमपुर शहर और जिले के अन्य हिस्सों में मंगलवार को गैस वितरण एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भीड़ अपने पहले से बुक सिलेंडर लेने के लिए जुटी हुई।
स्थानीय निवासी प्रशांत ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि पहले सिलेंडर, बुक किए जाने के दिन या अगले दिन मिल जाता था, लेकिन इस बार पांच दिन बाद भी आपूर्ति नहीं हुई, जिससे वह परेशान हैं।
स्थानीय होटल और रेस्तरां मालिकों ने भी चिंता जताई और कहा कि वाणिज्यिक गैस सिलेंडर की आपूर्ति पर असर पड़ा है, क्योंकि एजेंसियां घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दे रही हैं।
शादियों और अन्य कार्यक्रमों में खानपान सेवा से जुड़े लोग भी कुछ वितरण केंद्रों पर वाणिज्यिक सिलेंडर के लिए अनुरोध करते देखे गए।
जिला आपूर्ति अधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने इस स्थिति को घरेलू उपभोक्ताओं के बीच ''बेवजह की घबराहट'' बताया और धैर्य रखने की अपील की।
सिंह ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया, "घबराने की कोई जरूरत नहीं है क्योंकि प्रशासन मांग के हिसाब से आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। वाणिज्यिक गैस सिलेंडर की उपलब्धता को सरकार के निर्देशों के अनुसार व्यवस्थित किया जाएगा। प्रशासन स्थिति पर करीब से नजर रख रहा है और जमाखोरी या कालाबाजारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।"
इस बीच, कई रसोई गैस एजेंसियों के कर्मचारियों को सिलेंडर लेने के लिए उमड़ी भीड़ को संभालने में कठिनाई का सामना करना पड़ा।
एक गैस एजेंसी के मालिक अतुल कुमार जायसवाल ने कहा कि उनके पास घरेलू सिलेंडर का पर्याप्त भंडार है और आपूर्ति जारी रहेगी, लेकिन उपभोक्ता अब भी परेशान हैं।
उन्होंने बताया कि पहले से बुक किए सिलेंडर के लिए टोकन जारी किए जा रहे हैं ताकि सही तरीके से वितरण किया जा सके।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को एक समीक्षा बैठक के दौरान खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सुनिश्चित करें कि जनता को कोई असुविधा न हो।
राज्य सरकार के बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि किसी भी कृत्रिम संकट या घबराहट की स्थिति को रोकने के लिए जमाखोरी या कालाबाजारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं सलीम खारी
खारी
1103 1500 लखीमपुर खीरी