सुबह की सैर के दौरान भाजपा विधायक का मोबाइल फोन छीना, आठ घंटे में पकड़ा गया
रंजन
- 18 May 2026, 10:31 PM
- Updated: 10:31 PM
रायपुर, 18 मई (भाषा) छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ विधायक से मोबाइल फोन छीनने के आरोपी युवक को पुलिस ने आठ घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि आज सुबह की सैर के दौरान मोटरसाइकिल पर सवार 19 वर्षीय एक युवक ने कथित तौर पर भाजपा विधायक और विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष धरमलाल कौशिक का मोबाइल फोन छीन लिया था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान मणिकांत ध्रुव के रूप में हुई है। घटना के आठ घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया गया और चोरी किया गया मोबाइल फोन, साथ ही अपराध में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई।
अधिकारियों ने बताया कि ध्रुव राज्य के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले का निवासी है तथा वह वर्तमान में रायपुर में खम्हारडीह पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत राजीव नगर इलाके में रहता है। वह कभी-कभी बाइक टैक्सी राइडर के तौर पर काम करता है।
विपक्षी कांग्रेस ने इस घटना को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा था। कांग्रेस ने कहा था कि यह घटना केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के राज्य के तीन दिवसीय दौरे के दौरान हुई है। उसने इसे "राज्य के तथाकथित सुशासन पर एक तमाचा" करार दिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह घटना उस समय हुई जब कौशिक अपने सरकारी आवास से सुबह की सैर के लिए निकले थे।
उन्होंने बताया, "सुबह करीब 7:15 बजे, मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक ने कथित तौर पर सिविल लाइंस पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत पीडब्ल्यूडी के आर्च ब्रिज के पास उनका मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गया। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और आरोपी का पता लगाने के लिए क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस थानों की संयुक्त टीमें तैनात की गईं।"
अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल के पास और भागने के संभावित रास्तों पर लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, साथ ही तकनीकी विश्लेषण और ह्यूमन इंटेलिजेंस को सक्रिय करते हुए आरोपी की लगातार तलाश की गई।
घटना के बाद राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''छत्तीसगढ़वासी अपनी सुरक्षा स्वयं करें। अभी सूचना मिली है कि छत्तीसगढ़ भाजपा के वरिष्ठ नेता, बिल्हा विधायक, पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री धरम लाल कौशिक जी के साथ आज मॉर्निंग वॉक के दौरान सिविल लाइन में लूटपाट हो गई है, चोर उनका मोबाइल छीनकर भाग गए। सोचिए जरा! जब देश के गृहमंत्री अमित शाह जी छत्तीसगढ़ में हैं, उस समय "मॉर्निंग वॉक" के दौरान ऐसी घटना कथित "सुशासन" पर तमाचा है। विज्ञापनजीवी सरकार को अब तक समझ जाना चाहिए कि "सुशासन तिहार" नाम की चाशनी लपेटने से कड़वी सच्चाई का स्वाद नहीं बदलेगा। हर तरफ़ चोरी, चाकूबाज़ी, हत्या, लूटपाट की घटनाएँ चरम पर हैं। साथ ही प्रदेश के सबसे निकम्मे गृहमंत्री रीलबाज़ी और स्वागतबाज़ी में व्यस्त हैं।''
एक अन्य पोस्ट में, बघेल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के हैंडल से शाह द्वारा रायपुर में 'सीजी डायल 112' आपातकालीन प्रतिक्रिया सेवा वाहन को हरी झंडी दिखाने के कार्यक्रम का लाइव लिंक साझा किया, और लिखा, "इधर आप "डायल 112" को झंडी दिखाते रहिए, उधर धरम लाल कौशिक जी का मोबाइल छीनकर चोर "9-2-11" हो गए।''
शाह रविवार से छत्तीसगढ़ के तीन दिवसीय दौरे पर हैं, जहां वे कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे और बस्तर में केंद्रीय क्षेत्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
भाषा संजीव रंजन
रंजन
1805 2231 रायपुर