ओडिशा के व्यक्ति की रूस में यू्क्रेनी ड्रोन हमले में मौत, दो अन्य घायल
माधव
- 18 May 2026, 10:32 PM
- Updated: 10:32 PM
भुवनेश्वर/बेरहामपुर, 18 मई (भाषा) ओडिशा के गंजाम जिले के एक व्यक्ति की मॉस्को क्षेत्र में यूक्रेन द्वारा किये गए ड्रोन हमले में मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
मृतक की पहचान ए. रामेया (30) के रूप में हुई है, जो चिकिटी प्रखंड के माधबंधा गांव का निवासी था। वह छुट्टी पर कुछ समय गांव में बिताने के बाद लगभग दो महीने पहले रूस लौटा था।
वह गजाप्रोम तेल रिफाइनरी की एक निर्माण कंपनी में स्ट्रक्चर फिटर के रूप में एक वर्ष से अधिक समय से कार्यरत था।
अधिकारी ने बताया कि उसके शव को वापस लाने के प्रयास किये जा रहे हैं।
ड्रोन हमले में घायल व्यक्तियों की पहचान गंजाम जिले के रंगेलुंडा प्रखंड स्थित कोथरसिंह गांव के निवासी जी तेजेश्वर रेड्डी (22) और जी खेतराबासी रेड्डी (35) के रूप में हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना रविवार को हुई जब यूक्रेन ने मॉस्को पर ड्रोन हमला किया।
चंद्रेया रेड्डी, जो मॉस्को में रामेया के साथ काम करते हैं, ने फोन पर अपने परिवार को बताया कि वे तीनों अपनी रात्रिकालीन ड्यूटी पूरी करने के बाद बस का इंतजार कर रहे थे, तभी ड्रोन हमला हुआ।
गंजाम में रेड्डी के परिवार के एक सदस्य ने उनके हवाले से कहा, ''स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 5 बजे घटना की सूचना मिलते ही हमने घटनास्थल पर जाने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा बलों ने हमें जाने नहीं दिया। घायल व्यक्तियों का मॉस्को के विभिन्न अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है।''
रामेया के एक मित्र ने परिवार को उसकी मृत्यु की सूचना दी। इसके बाद, परिवार ने शव को लाने में सहायता के लिए गंजाम जिला कलेक्टर कीर्ति वासन वी से संपर्क किया।
कलेक्टर ने संवाददाताओं से कहा, ''हमें मॉस्को में रामेया की मृत्यु की सूचना मिली है। हमने दिल्ली स्थित स्थानिक आयुक्त के कार्यालय से संपर्क किया है। वह प्रोटोकॉल के अनुसार राजनयिक माध्यम से भारतीय दूतावास से संपर्क कर रहे हैं ताकि उनके पार्थिव शरीर को ओडिशा लाया जा सके।''
अधिकारी ने कहा कि शव को यथाशीघ्र लाने का प्रयास किया जा रहा है।
नयी दिल्ली स्थित रूसी दूतावास ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, ''रूसी दूतावास भारतीय श्रमिक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता है।''
भाषा
सुभाष माधव
माधव
1805 2232 भुवनेश्वर