मार्श शतक से चूके लेकिन एलएसजी ने रॉयल्स को दिया 221 रन का लक्ष्य
सुधीर
- 19 May 2026, 09:48 PM
- Updated: 09:48 PM
जयपुर, 19 मई (भाषा) मिचेल मार्श की 96 रन की विस्फोटक पारी की बदौलत लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने मंगलवार को आईपीएल मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पाँच विकेट पर 220 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर जोश इंग्लिस ने एलएसजी को तेज शुरुआत दिलाई। उन्होंने शुरुआती ओवरों में आक्रामक तेवर दिखाते हुए 29 गेंदों में 60 रन की तूफानी पारी खेली।
इसके बाद "बाइसन" के नाम से मशहूर मार्श ने अपनी दमदार बल्लेबाजी का शानदार प्रदर्शन करते हुए 11 चौके और पांच छक्के जड़े। मौजूदा सत्र में यह तीसरी बार रहा, जब उन्होंने 90 से अधिक का स्कोर बनाया।
एलएसजी के लिए निराशाजनक रहे इस सत्र में मार्श का प्रदर्शन टीम के लिए सबसे बड़ी सकारात्मक बात साबित हुआ है। उन्होंने 13 मैचों में 563 रन बनाए हैं।
अगर-मगर के बिना प्लेऑफ की उम्मीदें बनाए रखने के लिए राजस्थान के लिए आखिरी दो मैच जीतना जरूरी है, लेकिन टीम की गेंदबाजी उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी। कार्यवाहक कप्तान यशस्वी जायसवाल के पहले गेंदबाजी करने के फैसले पर भी सवाल उठे, क्योंकि पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल दिखाई दे रही थी।
पावरप्ले में राजस्थान के गेंदबाज एक बार फिर प्रभाव छोड़ने में विफल रहे। इंग्लिस और मार्श ने पहले विकेट के लिए 50 गेंद में 109 रन जोड़ दिए। इंग्लिस ने जहां सात चौके और तीन छक्के लगाए, वहीं मार्श ने खास तौर पर पुल शॉट्स से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
यश राज पुंजा की गेंद पर इंग्लिस के आउट होने के बाद भी मार्श ने रनगति कम नहीं होने दी। उनकी पारी का सबसे शानदार शॉट एक्स्ट्रा कवर के ऊपर लगाया गया छक्का रहा, जिसमें ताकत और टाइमिंग का बेहतरीन मेल देखने को मिला।
निकोलस पूरन एक बार फिर ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ सके और 11 गेंदों में 16 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन कप्तान ऋषभ पंत ने 23 गेंदों में 35 रन बनाए।
पंत की बल्लेबाजी में हालांकि आत्मविश्वास की कमी साफ दिखी। भारतीय टेस्ट टीम की उपकप्तानी छिनने और वनडे टीम से बाहर किए जाने का असर उनके खेल पर दिखाई दिया।
राजस्थान रॉयल्स के लिए सुशांत मिश्रा, बृजेश शर्मा और संदीप शर्मा लगातार गलत लेंथ पर गेंदबाजी करते रहे, जिसका मार्श ने पूरा फायदा उठाया। युवा लेग स्पिनर यश राज ने दो विकेट लेकर कुछ संघर्ष दिखाया।
आखिरी ओवर में जोफ्रा आर्चर ने चार डॉट गेंदें डालकर मार्श को दूसरे शतक से रोक दिया, लेकिन तब तक एलएसजी बड़े स्कोर के साथ मैच पर मजबूत पकड़ बना चुका था।
भाषा आनन्द सुधीर
सुधीर
1905 2148 जयपुर