त्विषा शर्मा मामला: पति सात दिन की पुलिस हिरासत में, दूसरे पोस्टमार्टम हेतु दिल्ली से टीम आएगी
राजकुमार
- 23 May 2026, 07:49 PM
- Updated: 07:49 PM
(तस्वीरों के साथ)
भोपाल, 23 मई (भाषा) भोपाल की एक अदालत ने पूर्व अभिनेत्री एवं मॉडल त्विषा शर्मा की कथित दहेज मौत के मामले में आरोपी पति समर्थ सिंह को शनिवार को सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
इस मामले में सह-आरोपी एवं समर्थ की मां गिरिबाला सिंह ने कहा कि बयान दर्ज करने के लिए पुलिस ने अब तक उनसे संपर्क नहीं किया है।
मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के आदेश के बाद त्विषा शर्मा का दूसरा पोस्टमार्टम करने के लिए दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के चिकित्सकों की चार सदस्यीय टीम शनिवार को भोपाल आने वाली है।
त्विषा शर्मा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में अपने ससुराल में मृत पाई गई थी। उसके बाद उसके पति समर्थ सिंह एवं सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। समर्थ इसी प्राथमिकी के चलते पिछले 10 दिन से फरार था । वह शुक्रवार शाम जबलपुर जिला अदालत परिसर में आत्मसमर्पण के लिए पहुंचा जहां उसे गिरफ्तार किया गया था।
उसने इससे पहले मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय में दायर अपनी अग्रिम जमानत याचिका वापस ले ली थी।
उसे शनिवार तड़के भोपाल लाया गया और न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी अनुदिता गुप्ता की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। उसके वकील ने अदालत में उसका पासपोर्ट भी जमा कराया।
त्विषा शर्मा की मौत के बाद उसके पति समर्थ सिंह तथा सास एवं पूर्व जिला न्यायाधीश गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित करने का मामला दर्ज किया गया था।
वर्तमान में भोपाल जिला उपभोक्ता आयोग की अध्यक्ष गिरिबाला सिंह ने शनिवार को कहा कि वह अपना बयान दर्ज कराने को तैयार हैं, लेकिन भोपाल पुलिस ने अब तक उनसे संपर्क नहीं किया है।
उन्होंने कहा कि घर के बाहर अव्यवस्थित स्थिति के कारण वह घर से बाहर नहीं निकल पा रही हैं। उनका इशारा मीडियाकर्मियों की मौजूदगी की ओर था।
उच्च न्यायालय ने एक दिन पहले उनकी अग्रिम जमानत निरस्त करने की मांग वाली याचिकाओं पर नोटिस जारी कर उनसे 25 मई तक जवाब मांगा था। वहीं, दो दिन पहले भोपाल पुलिस ने बयान दर्ज कराने के लिए कथित तौर पर उपस्थित नहीं होने पर उन्हें तीसरा और अंतिम नोटिस जारी किया था।
उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को त्विषा शर्मा के माता-पिता की याचिका पर सुनवाई करते हुए दिल्ली एम्स की विशेषज्ञ टीम से दूसरा पोस्टमार्टम कराने का आदेश दिया था।
इसके बाद एम्स दिल्ली ने दूसरा पोस्टमार्टम करने के लिए चार वरिष्ठ चिकित्सकों का मेडिकल बोर्ड गठित किया। एम्स दिल्ली में फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग के प्रमुख डॉ. सुधीर गुप्ता ने बोर्ड का गठन किया है। गुप्ता ने बताया कि टीम शाम में राज्य सरकार के चार्टर्ड विमान से भोपाल जायेगी।
भाषा दिमो रवि कांत राजकुमार
राजकुमार
2305 1949 भोपाल