टीम की जरूरत के समय आया यह शतक बेहद खास: अय्यर
आनन्द
- 23 May 2026, 11:47 PM
- Updated: 11:47 PM
लखनऊ, 23 मई (भाषा) लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टी20 मैच में नाबाद शतकीय पारी खेलकर पंजाब किंग्स को सात विकेट से शानदार जीत दिलाने वाले कप्तान श्रेयर अय्यर ने अपने पारी को बेहद खास करार दिया।
एलएसजी को छह विकेट पर 196 रन पर रोकने के बाद पंजाब किंग्स ने 18 ओवर में तीन विकेट पर 200 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया और लगातार छह हार के सिलसिले को भी समाप्त किया।
अय्यर ( नाबाद 101) ने 51 गेंदों में अपने आईपीएल करियर का पहला शतक जड़ा, जबकि प्रभसिमरन सिंह ने 39 गेंदों में 69 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 140 रन की साझेदारी कर टीम को जीत दिला दी।
प्लेयर ऑफ द मैच बने अय्यर ने कहा, "मैं बेहद उत्साहित हूं। यह मेरा पहला शतक है और सही समय पर आया, जब टीम को इसकी जरूरत थी। गेंदबाजों के प्रदर्शन से भी मैं बेहद खुश हूं। मैच खत्म कर शतक लगाना एक अलग ही एहसास है। आज मैं खुद को शानदार महसूस कर रहा था।"
उन्होंने शतक के साथ मैच खत्म करने के अनुभव पर कहा, '' यह एहसास अविश्वसनीय है। मैच खत्म करते हुए शतक बनाना बेहद खास है। मैं मानसिक रूप से बहुत अच्छी स्थिति में था।''
अय्यर ने गेंदबाजों के प्रदर्शन की तारीफ करते हुए कहा, "पहले ओवर में 16 रन देने के बाद जिस तरह अजमतुल्लाह उमरजई ने वापसी की, वह शानदार था। इस समय सबसे महत्वपूर्ण चीज लय हासिल करना है। युजवेंद्र चहल ने ऋषभ पंत का अहम विकेट लेकर अपना जज्बा दिखाया। पिछले मैच में रन लुटाने के बाद उन्होंने शानदार वापसी की।"
अपनी बल्लेबाजी को लेकर अय्यर ने कहा, "मुझे पता है कि अगर मैं क्रीज पर थोड़ा समय बिताऊं और गेंद को सही टाइम करूं तो मैं बड़ी पारी खेल सकता हूं। मेरा लक्ष्य जितनी देर संभव हो क्रीज पर टिके रहना था।"
उन्होंने प्रभसिमरन सिंह की भी जमकर सराहना करते हुए कहा, '' प्रभ काफी सकारात्मक मानसिकता के साथ खेल रहे थे और हमारे बीच संवाद भी शानदार रहा। हमारी साझेदारी बेहद अहम रही। इससे मैच में लय बनी। मैं सचमुच बहुत खुश हूं।"
टीम रणनीति के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ''हमने चीजों को बहुत सरल रखा। हम टीम की बैठक और चर्चा के साथ खिलाड़ियों पर दबाव नहीं डालना चाहते थे। अहम मुकाबलों में खिलाड़ियों का दिमाग खुला रहना जरूरी है। मैं नहीं चाहता था कि खिलाड़ी जरूरत से ज्यादा सोचें। मैंने रिकी (पोंटिंग) से भी कहा कि हमें टीम मीटिंग की जरूरत नहीं है।"
हार के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान पंत ने निराशा जताई, लेकिन टीम के सकारात्मक पहलुओं पर भरोसा बनाए रखा।
पंत ने कहा, "शुरुआती विचार यही हैं कि यह हार कठिन है। परिस्थितियां जैसी भी हों, हमें इसे स्वीकार करना होगा। मुझे लगता है कि हम पांच-10 रन और बना सकते थे, लेकिन कुल स्कोर पर्याप्त था। हालांकि एकाना में दूसरी पारी में बल्लेबाजी आसान हो जाती है।"
उन्होंने आगे कहा, "हम टीम के तौर-तरीकों के सकारात्मक पहलुओं पर ध्यान देना चाहते हैं। कभी-कभी जवाबदेही के बिना केवल विचारों पर काम करना मुश्किल हो जाता है।"
भाषा आनन्द
आनन्द
2305 2347 लखनऊ