पंजाब: राज्यपाल ने हमले में घायल शिवसेना नेता के स्वास्थ्य की जानकारी ली
शुभम सुरेश
- 07 Jul 2024, 08:44 PM
- Updated: 08:44 PM
लुधियाना, सात जुलाई (भाषा) पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने रविवार को शिवसेना (पंजाब) के नेता संदीप थापर के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।
थापर पर दो दिन पहले तलवारों से हमला किया गया था।
लुधियाना स्थित सर्किट हाउस पहुंचने के बाद पुरोहित ने थापर का इलाज कर रहे चिकित्सकों से बात की।
उन्होंने लुधियाना के पुलिस आयुक्त कुलदीप सिंह चहल और उपायुक्त साक्षी साहनी से भी बात की और कहा कि वह घटना के बारे में प्रत्यक्ष जानकारी जुटाने शहर आए हैं।
राज्यपाल ने चहल को जांच की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करने को कहा।
शिवसेना (पंजाब) के नेता थापर पर शुक्रवार को लुधियाना में तीन हमलावरों ने तलवारों से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुरोहित ने कहा, "उन्हें (थापर को) सर्वोत्तम उपचार दिया जा रहा है।"
उन्होंने कहा कि शिवसेना (पंजाब) के नेता भाग्यशाली हैं कि वह इस जानलेवा हमले में बच गए।
पुरोहित ने बताया कि उनके सिर में चोट लगी थी, लेकिन "सौभाग्य से थापर का मस्तिष्क और खोपड़ी सुरक्षित रही, जिससे उसकी जान बच गई।"
उन्होंने कहा कि दोषियों की मंशा जानने के लिए जांच की जा रही है। उन्होंने कहा, "कोई चाहे जो हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।"
उन्होंने कहा कि कुछ वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को जांच की निगरानी करनी चाहिए, ताकि इसमें कोई खामी न रह जाए।
पुरोहित ने यह भी कहा कि वह भी इस मामले की निगरानी करेंगे।
राज्यपाल ने कहा कि जब किसी को सुरक्षा मुहैया कराई जाती है तो उसे पूरी सुरक्षा की गारंटी दी जाती है, लेकिन यहां सुरक्षा में पूरी तरह चूक हुई।
राज्यपाल ने एक सवाल के जवाब में कहा कि राज्य में ऐसी छिटपुट घटनाएं हो रही हैं, जो चिंता का विषय है, लेकिन पंजाब के लोग राज्य में भाईचारा और शांति भंग करने की ऐसे (असामाजिक) तत्वों की योजना सफल नहीं होने देंगे।
सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि निहंगों की वेशभूषा में आए हमलावरों ने थापर पर उस समय हमला किया, जब वह स्कूटर पर सवार थे और उनके सुरक्षाकर्मी पीछे बैठे थे।
सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि थापर जब हमलावरों से हाथ जोड़कर बात कर रहे थे, तो उनमें से एक ने अचानक उन पर तलवार से हमला कर दिया, जबकि राहगीर उन्हें देख रहे थे। एक अन्य हमलावर थापर के सुरक्षाकर्मियों को धक्का देता दिख रहा है।
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, थापर के गिर जाने के बाद तीसरे हमलावर ने भी तलवार से थापर पर वार करना शुरू कर दिया। बाद में दो आरोपी थापर को खून से लथपथ छोड़कर उनका स्कूटर लेकर भाग गए।
तीन हमलावरों में से दो को गिरफ्तार कर लिया गया है।
भाषा
शुभम