ब्रिटेन: पुलिस को प्रदर्शनकारियों को होटल में घुसने से रोकने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी
अमित सुभाष
- 04 Aug 2024, 09:40 PM
- Updated: 09:40 PM
लंदन, चार अगस्त (एपी) ब्रिटेन के उत्तरी शहर रॉदरहैम में रविवार को पुलिस को धुर दक्षिणपंथी समूह के कार्यकर्ताओं के समूह को एक होटल में घुसने की कोशिश करने से रोकने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
माना जाता है कि ब्रिटेन में शरण लेना चाह रहे लोग इस होटल में ठहरे हुए हैं।
पिछले सप्ताह एक ‘डांस क्लास’ में चाकूबाजी की घटना के बाद दंगे नहीं रुक रहे हैं। उक्त घटना में तीन लड़कियों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हो गए।
‘स्काई न्यूज’ की फुटेज में पुलिस अधिकारी दंगाइयों को हॉलिडे इन एक्सप्रेस होटल में घुसने से रोकने की कोशिश करते दिख रहे हैं। वहां आग भी नजर आई जबकि होटल की खिड़कियां टूटी हुई दिख रही हैं।
देशभर में और भी प्रदर्शन होने की उम्मीद है, साथ ही इसके विरोध में भी प्रदर्शन की योजना बनाई जा रही है।
शनिवार को, दक्षिणपंथी कार्यकर्ताओं का पूरे ब्रिटेन में नस्लवाद विरोधी प्रदर्शनकारियों से आमना-सामना हुआ, जिसमें उत्तरी आयरलैंड की राजधानी बेलफास्ट से लेकर ब्रिटेन के उत्तर-पश्चिम में लिवरपूल और पश्चिम में ब्रिस्टल तक हिंसक दृश्य देखने को मिले। सीसीटीवी, सोशल मीडिया पर मौजूद वीडियो और अन्य फुटेज की जांच की जा रही है जिसके कारण और भी गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
शनिवार को सिर्फ एक घटना में, मर्सीसाइड पुलिस ने कहा कि लिवरपूल में लगभग 300 लोग हिंसक उपद्रव में शामिल थे, जिसमें एक सामुदायिक इकाई में आग लगा दी गई। देश के सबसे वंचित समुदायों में से एक को सहायता प्रदान करने के लिए पिछले साल खोला गया स्पेलो लेन लाइब्रेरी हब के भूतल को गंभीर नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने कहा कि दंगाइयों ने दमकलकर्मियों को आग तक पहुंचने से रोकने की कोशिश की, और दमकल की गाड़ी को निशाना बनाया।
पिछले सप्ताह उत्तर-पश्चिमी ब्रिटेन के साउथपोर्ट में बच्चों की ‘डांस क्लास’ में हुई चाकूबाजी की घटना में तीन लड़कियों की मौत हो गई थी।
साउथपोर्ट में सोमवार को हुए हमले के थोड़ी देर बाद ही 17 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था जिसका नाम एक्सेल मुगनवा रुदाकुबाना है। उसका जन्म वेल्स में हुआ था और और वह लंकाशायर के बैंक्स गांव का रहने वाला है। अदालत द्वारा प्रतिबंध हटाने के बाद उसका नाम सार्वजनिक किया गया। उसे लिवरपूल नगर मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया गया, जहां उस पर हत्या के तीन और हत्या की कोशिश के 10 आरोप लगाए गए तथा चाकू रखने का भी आरोप लगाया गया।
न्यायाधीश एंड्रयू मेनरी ने यह दलील सुनने के बाद कि आरोपी का 18वां जन्मदिन सात अगस्त को है, आरोपी का नाम सार्वजनिक न करने के कानूनी प्रतिबंध को हटा दिया और अगली सुनवाई तक उसे हिरासत में भेज दिया।
भाषा अमित