राजस्थान : कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व छात्र नेता नरेश मीणा ने टिकट नहीं मिलने पर नाराजगी जताई
धीरज
- 26 Mar 2024, 10:20 PM
- Updated: 10:20 PM
जयपुर, 26 मार्च (भाषा) हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व छात्र नेता नरेश मीणा ने दौसा सीट से लोकसभा चुनाव के लिए टिकट नहीं दिए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। दौसा से पार्टी ने विधायक मुरारी लाल मीणा को मैदान में उतारा है।
नरेश मीणा ने कहा कि मुरारी लाल मीणा को उनके (नरेश मीणा) लिए अपना टिकट वापस कर देना चाहिए।
इसके साथ ही नरेश मीणा ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र दाखिल करने की भी घोषणा की।
पार्टी ने रविवार को मुरारी मीणा को टिकट देने की घोषणा की थी जिससे नरेश मीणा नाराज हो गए। नरेश मीणा जयपुर स्थित राजस्थान विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व महासचिव हैं।
होली के दिन सोमवार को बस्सी (दौसा) में एक जनसभा को संबोंधित करते हुए नरेश मीणा ने खुलकर अपनी पीड़ा व्यक्त की और मुरारी मीणा पर तीखा हमला किया।
मंच पर दौसा के विधायक मुरारी मीणा मौजूद थे। बैठक का एक वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ।
नरेश मीणा ने कहा, ‘‘आपको सचिन पायलट को बताना चाहिए था कि वह (नरेश मीणा) टिकट मांग रहे हैं, उन्हें टिकट दिया जाना चाहिए। मुझे पार्टी में शामिल कराया गया और आश्वासन दिया गया कि मेरा नाम सूची में है। मैं चुनाव की तैयारी कर रहा था, लेकिन मुझे टिकट नहीं दिया गया।''
उन्होंने कहा, ‘‘मुरारी लाल सांसद बनेंगे, उनकी बेटी यहां बैठी हैं, दौसा से विधायक बनेगी। मुरारीलाल जी, सविता (पत्नी) भी सांसद का चुनाव लड़ चुकी हैं, वे पांच चुनाव लड़ चुकी हैं। आप विधायक बने, आप सांसद बनेंगे, तो फिर मेरा क्या होगा? मेरे जैसे बच्चों का क्या होगा? जिस तरह से सुनील शर्मा का टिकट वापस किया गया। अगर आप चाहें तो आप अपना टिकट सरेंडर भी कर सकते हैं और इसे बदलवा सकते हैं।''
नरेश मीणा ने मंगलवार को घोषणा की कि वह बुधवार को दौसा से (निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में) नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।
पिछले सप्ताह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)नेता प्रह्लाद गुंजल कांग्रेस में शामिल हुए। साथ ही नरेश मीणा ने भी कांग्रेस का दामन थाम लिया। गुंजल को कोटा-बूंदी सीट से टिकट मिला है जबकि नरेश मीणा दौसा से टिकट मांग रहे थे।
इस पूरे प्रकरण पर मुरारी लाल मीणा से संपर्क नहीं किया जा सका।
दौसा से भाजपा ने पूर्व विधायक कन्हैया लाल मीणा को टिकट दिया है।
राजस्थान में लोकसभा चुनाव दो चरणों में 19 और 26 अप्रैल को होंगे और दौसा उन 12 लोकसभा क्षेत्रों में से एक है जहां 19 अप्रैल को पहले चरण में मतदान होगा।
पहले चरण के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की आखिरी तारीख 27 मार्च है।
भाषा कुंज