बांकीपुर उपचुनाव: प्रशांत किशोर ने 96 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति घोषित की
खारी
- 13 Jul 2026, 10:16 PM
- Updated: 10:16 PM
पटना, 13 जुलाई (भाषा) जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर के पास 96.06 करोड़ रुपये से अधिक की चल और अचल संपत्ति है।
निर्वाचन अधिकारी के समक्ष दाखिल शपथपत्र के अनुसार, प्रशांत किशोर के पास 22.19 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 73.87 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है।
किशोर ने 30 जुलाई को होने वाले बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए सोमवार को नामांकन दाखिल किया।
जन सुराज के संस्थापक के शपथपत्र के मुताबिक, उनकी पत्नी के पास 89.51 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 12.42 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है।
शपथपत्र के अनुसार, किशोर के पास 65,570 रुपये नकद हैं, जबकि उनकी पत्नी के पास 1,95,200 रुपये नकद हैं।
शपथपत्र में यह भी बताया गया है कि प्रशांत किशोर की एक निजी कंपनी में 100 प्रतिशत हिस्सेदारी है। इस कंपनी ने वर्ष 2024-25 के दौरान जन सुराज पार्टी को 85 करोड़ रुपये और जन सुराज फाउंडेशन को 50 लाख रुपये का दान दिया।
शैक्षणिक योग्यता के संबंध में शपथपत्र में कहा गया है कि किशोर ने 1991 में बक्सर के एम.पी. हाई स्कूल से दसवीं और 1993 में पटना विज्ञान महाविद्यालय से 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने 1996 से 1999 के बीच लखनऊ विश्वविद्यालय के व्यवसाय अध्ययन विभाग से व्यवसाय प्रशासन में स्नातक (बीबीए) की उपाधि प्राप्त की।
उन्होंने 2001 से 2003 के दौरान हैदराबाद स्थित भारतीय प्रशासनिक कर्मचारी महाविद्यालय (एएससीआई) में 'जॉन्स हॉपकिन्स विश्वविद्यालय' (अमेरिका) और हिंदूजा अस्पताल के सहयोग से संचालित विशेष स्वास्थ्य प्रबंधन कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य सेवा प्रबंधन में परास्नातक (एमएचए) की डिग्री हासिल की। वर्ष 2010 में उन्होंने फ्रांस के क्लेरमों-फेरां विश्वविद्यालय से संबद्ध कैविलाम, विची में फ्रेंच भाषा का गहन पाठ्यक्रम भी पूरा किया।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के शपथपत्र के अनुसार, उनके पास कुल 20.28 लाख रुपये से अधिक की चल और अचल संपत्ति है। उनके नाम पर कोई मकान, फ्लैट, व्यावसायिक भवन या वाहन नहीं है।
शपथपत्र के अनुसार, सिन्हा नियमित रूप से आयकर रिटर्न दाखिल करते हैं। वित्त वर्ष 2024-25 में उनकी आय 4.89 लाख रुपये से अधिक थी, जो 2025-26 में बढ़कर लगभग 4.97 लाख रुपये हो गई। वित्त वर्ष 2026-27 में उनकी वार्षिक आय लगभग 6.71 लाख रुपये दर्ज की गई।
चल संपत्ति के रूप में उन्होंने 12.28 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति घोषित की है। नामांकन के समय उनके पास 70 हजार रुपये नकद थे। इसके अलावा, भारतीय स्टेट बैंक की मीठापुर शाखा में उनके खाते में लगभग 8.99 लाख रुपये तथा यूको बैंक की एजी ऑफिस शाखा में करीब 25 हजार रुपये जमा हैं।
शपथपत्र के अनुसार, उनके नाम पर कोई वाहन, आवासीय भवन या व्यावसायिक भवन नहीं है।
अचल संपत्ति के रूप में उन्होंने केवल नालंदा जिले के रहुई मौजा स्थित पैतृक कृषि भूमि में अपने हिस्से का उल्लेख किया है। इस भूमि में उनका हिस्सा 10.9375 डिसमिल है, जिसका अनुमानित बाजार मूल्य करीब आठ लाख रुपये है। इसके अलावा, उनके नाम पर कोई अन्य अचल संपत्ति नहीं है।
शैक्षणिक योग्यता के संबंध में शपथपत्र में कहा गया है कि सिन्हा ने मगध विश्वविद्यालय से स्नातक की उपाधि प्राप्त की है।
भाषा कैलाश खारी
खारी
1307 2216 पटना