डीयू-सेंट स्टीफंस विवाद: स्थगन आदेश के बावजूद परीक्षा से जुड़ी नई सूची में नवनियुक्त शिक्षक शामिल
संतोष
- 23 May 2026, 06:58 PM
- Updated: 06:58 PM
नयी दिल्ली, 23 मई (भाषा) दिल्ली विश्वविद्यालय और सेंट स्टीफंस कॉलेज के बीच प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर टकराव बढ़ता जा रहा है और इसी कड़ी में विश्वविद्यालय की जांच और भर्ती प्रक्रिया पर अदालत की रोक के बावजूद, परीक्षा पर्यवेक्षण के नए रोस्टर में नव-नियुक्त शिक्षकों को शामिल किया गया है।
दिल्ली उच्च न्यायालय के 13 मई के एक आदेश में कॉलेज को चयन समिति की सिफारिशों के अनुसार भर्ती रोकने का निर्देश दिया गया था। यह आदेश सेंट स्टीफंस कॉलेज के चार सहायक प्रोफेसरों की याचिका पर सुनवाई के दौरान आया जिन्होंने कॉलेज में अपनी सेवाओं को नियमित करने का अनुरोध किया था। चारों सहायक प्रोफेसर 2018-2021 से तदर्थ या अतिथि आधार पर काम कर रहे हैं।
उच्च न्यायालय ने आदेश में कहा कि उपरोक्त परिस्थितियों को संज्ञान में लेते हुए अदालत का यह मत है कि याचिकाकर्ताओं ने अंतरिम सुरक्षा प्रदान करने के लिए प्रथम दृष्टया मामला सिद्ध किया है। तदनुसार, यह निर्देश दिया जाता है कि अगली सुनवाई की तिथि तक याचिकाकर्ताओं की सेवाएं प्रतिवादी महाविद्यालय में समाप्त नहीं की जाएंगी। यह भी निर्देश दिया जाता है कि भर्ती विज्ञापन के अनुसार चयन समिति की रिपोर्ट/सिफारिशें न्यायालय की अनुमति के बिना लागू नहीं की जाएंगी।
चारों सहायक प्रोफेसरों ने प्रारंभिक नियुक्ति तिथियों से नियमितीकरण, सेवा की निरंतरता, वेतन निर्धारण, वरिष्ठता और नियमित कर्मचारियों को उपलब्ध अन्य लाभों सहित परिणामी राहतों देने का अनुरोध किया था। साथ ही मामले की लंबितता के दौरान बर्खास्तगी या विस्थापन के खिलाफ अंतरिम सुरक्षा देने की गुहार लगाई थी।
कॉलेज के एक अधिकारी ने पहचान गुप्त रखते हुए शनिवार को 'पीटीआई-भाषा'को बताया, ''शुक्रवार को प्रोफेसरों को एक नई परीक्षा सूची भेजी गई थी। इस सूची में कुछ नए भर्ती किए गए शिक्षकों के नाम भी शामिल थे।''
उन्होंने कहा, ''हालांकि 15 मई को जारी पिछली सूची में भी नए नाम थे, लेकिन इस नई सूची में कई अतिरिक्त नाम हैं। नियुक्ति पत्र 11 मई को भेजे गए थे, लेकिन अदालत के आदेश के बाद शिक्षकों के कार्यभार ग्रहण करने को लेकर कुछ अस्पष्टता है।''
'पीटीआई-भाषा' ने 28-31 मई के लिए तैयार परीक्षा रोस्टर को देखा है जिसपर परीक्षा अधीक्षक, परीक्षा अधीक्षक और उप परीक्षा अधीक्षक के साथ-साथ जॉन वर्गीज के हस्ताक्षर भी हैं, जिनके हस्ताक्षर कॉलेज के प्रचार्य के रूप में दर्ज हैं।
इस बीच, सेंट स्टीफंस कॉलेज की वेबसाइट पर वर्गीज का नाम अंग्रेजी विभाग के संकाय सदस्य के रूप में दर्ज है, जबकि प्राचार्य का कॉलम अब भी खाली है।
हालांकि, कॉलेज के प्राचार्य को लेकर अनिश्चितता की स्थिति बनी हुई है, क्योंकि सुसान एलियास की इस पद पर नियुक्ति को दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) ने यूजीसी नियमों के उल्लंघन का हवाला देते हुए चुनौती दी है। एलियास द्वारा एक जून को पदभार ग्रहण करने की उम्मीद है।
जॉन वर्गीज की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
भाषा धीरज संतोष
संतोष
2305 1858 दिल्ली